छिंदवाड़ा जिले में दूषित कफ सिरप से हुई बच्चों की मौत के विरोध में गुरुवार शाम छतरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कड़ी आलोचना करते हुए स्वास्थ्य मंत्री के तत्काल इस्तीफे
.
कैंडल मार्च कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर छत्रसाल चौक होते हुए जिला अस्पताल परिसर तक पहुंचा। वहां कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के मुख्य गेट पर मोमबत्तियां जलाकर मृत बच्चों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी लोग मौन खड़े रहे और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कांग्रेस ने बताया सरकार की लापरवाही
जानकारी के अनुसार, छिंदवाड़ा में एक कफ सिरप पीने से अब तक 25 बच्चों की मौत हो चुकी है, जिससे प्रदेशभर में आक्रोश फैल गया है। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को सरकार की लापरवाही और भ्रष्ट स्वास्थ्य तंत्र का परिणाम बताया है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष गगन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा, “एक कफ सिरप से 18 से अधिक बच्चों की मौत होना प्रदेश के लिए बेहद शर्मनाक है। यह घटना सीधे तौर पर शासन और प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है।”
इस्तीफे और न्याय की मांग
कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की है, साथ ही पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
कैंडल मार्च में कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर मृत बच्चों के प्रति संवेदना जताई और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।