घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
भिंड शहर के इटावा रोड स्थित नेशनल हाईवे-719 पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि घर के सभी सदस्य करवा चौथ की पूजा के बाद अं
.
करवा चौथ की पूजा चल रही थी, तभी ट्रक घर में घुसा जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। नेशनल हाईवे-719 पर पेट्रोल पंप के पास बुलठ एजेंसी के समीप अनिल जोशी और रविंद्र जोशी के घर में एक तेज रफ्तार ट्रक घुस गया। उस समय परिवार के लोग करवा चौथ की पूजा के बाद भोजन कर रहे थे। अचानक जोरदार आवाज के साथ मकान की दीवार टूट गई और ट्रक घर के अंदर तक पहुंच गया। हादसे के बाद परिवार के लोग घबराकर बाहर निकले, वहीं आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
शराब भरने जा रहा था ट्रक सूचना मिलते ही देहात थाना और सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभाली और एंबुलेंस बुलाकर घायल चालक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। चालक की पहचान राज नारायण के रूप में हुई है, जो गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
चालक ने बताया कि वह मेला रोड की ओर से ट्रक लेकर इटावा की दिशा में जा रहा था और डीडी के पास स्थित भिंड डिस्टिलरी से शराब भरने जा रहा था। तभी सामने से अचानक एक ट्रक आ गया, जिससे बचाने के प्रयास में उसने स्टेयरिंग काटी और ट्रक सीधे मकान की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया।
वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में लिया स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को अपनी हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।इस हादसे ने इटावा रोड पर रात के समय यातायात सुरक्षा और ट्रक चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है और घायल चालक का उपचार जिला अस्पताल में भेजा गया है।