IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की दहाड़ दिल्ली में देखने को मिली. जायसवाल ने धमाकेदार शतकीय पारी खेली. महज 23 साल की उम्र में यशस्वी ने 7 शतक ठोक दिए हैं. 2 सालों में वर्ल्ड टेस्ट क्रिकेट में यशस्वी ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. वह 23 साल की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा सेंचुरी ठोकने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन चुके हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ सेंचुरी के साथ ही यशस्वी ने अपने 3000 इंटरनेशनल रन भी पूरे किए हैं.
पहले नंबर पर कौन?
यशस्वी जायसवाल के आगे सिर्फ क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर थे. सचिन तेंदुलकर का डेब्यू महज 16 की उम्र में हो गया था, यही वजह है कि 23 साल की उम्र में सबसे ज्यादा टेस्ट सेंचुरी का उनका रिकॉर्ड बाल-बाल बच गया. सचिन ने 23 की उम्र में 11 शतकीय पारियां खेली थीं और उन्हें यहां पहुंचने के लिए डेब्यू करने के बाद 8 साल लगे थे. लेकिन यशस्वी ने 21 साल की उम्र में डेब्यू किया और 2 साल में 7 शतक ठोक दिए हैं.
26 टेस्ट में किया कारनामा
सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट में 11 सेंचुरी ठोकने के लिए लगभग 80 पारियां खेली थीं. लेकिन यशस्वी ने 48 पारियों में ही ये उपलब्धि हासिल की है. यशस्वी के इस शतक से और भी कई रिकॉर्ड्स टूटे हैं. जायसवाल ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे ज्यादा शतकों के मामले में केएल राहुल और ऋषभ पंत को पछाड़ दिया है जिन्होंने 6-6 शतक अभी तक ठोके थे.
ये भी पढे़ं.. IND vs WI: IPL के बाद फिर छा गई ये जोड़ी.. यशस्वी ने ठोका ताबड़तोड़ शतक, सुदर्शन का भी जलवा
सबसे तेज 3000 रन
इतना ही नहीं, यशस्वी जायसवाल इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 3000 इंटरनेशनल रन ठोकने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने हैं. उन्होंने 71 पारियों में ये आंकड़ा छू लिया है, रोहित-विराट समेत कई बड़े-बड़े भारतीय धुरंधर ये कारनामा करने में कामयाब नहीं हुए थे. नंबर-1 पर सुनील गावस्कर का नाम है जिन्होंने 69 पारियों में ही 3000 इंटरनेशनल रन ठोक दिए थे.