सिंगरौली जिले के मोरवा थाना अंतर्गत नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) कंपनी की सीटीआई कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की सहेली की सब्बल मारकर हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी को सहेली ने भड़काया था। यह घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे की है
.
सब्बल महिला की बांयीं आंख के बगल से घुसा और सिर के पार हो गया। परिजन घायल महिला कुसुम कुमारी को इलाज के लिए जयंत स्थित नेहरू शताब्दी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुबह से ही कर रहा था गाली-गलौज
मोरवा थाना प्रभारी उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी अजय दास सुबह से ही कुसुम कुमारी के साथ गाली-गलौज कर रहा था। शाम करीब 4 बजे अजय दास ने कुसुम कुमारी के घर जाकर उस पर सब्बल से हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चार महीने पहले भाग गई थी पत्नी
मृतक कुसुम कुमारी के पति अमर चौहान ने पुलिस को बताया कि आरोपी अजय दास की पत्नी अमृता पनिका करीब चार महीने पहले उसे छोड़कर किसी और व्यक्ति के साथ चली गई थी। अजय दास को लगता था कि कुसुम कुमारी ने ही उसकी पत्नी को बहकाकर भगाया है। इसी रंजिश के चलते अजय दास ने कुसुम कुमारी पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।