बैतूल में डायल 112 वाहन के एक ड्राइवर और उसकी मां ने एसपी से शिकायत की है। उन्होंने गांव के एक परिवार पर हमला, मारपीट, गाली-गलौज और महिला के साथ अभद्रता का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि न्याय के लिए भटकने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
.
आवेदक राकेश, जो मूल रूप से आठनेर तहसील के एक गांव का निवासी है, ने बताया कि उसने एक लिव-इन रिलेशनशिप मामले में गवाह के तौर पर हस्ताक्षर किए थे। इसी बात से नाराज होकर गांव के एक ही परिवार के सदस्यों ने कई बार उसके और उसकी मां के साथ विवाद किया।
शिकायत के अनुसार, 8 अक्टूबर को आरोपी परिवार उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। युवक ने बताया कि उसकी मां के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और विरोध करने पर उसे भी पीटा गया। उसने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
युवक का कहना है कि वह भोपाल में सरकारी वाहन का ड्राइवर है।
आरोप- चाकू के मामले में फंसाने के लिए धमकाया युवक का आरोप है कि जब वह शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा, तो उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इसके बजाय, उसे रात भर थाने में हथकड़ी लगाकर बैठाए रखा गया। अगले दिन पुलिसकर्मियों ने उसे वाहन में बैठाकर बाहर ले जाकर हाथ में चाकू पकड़ाकर वीडियो बनाया और कहा कि उसके खिलाफ चाकू रखने का मामला दर्ज किया जाएगा। युवक ने बताया कि उससे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवाए गए।
पीड़ित ने इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके साथ अन्याय हुआ है और पुलिस ने उल्टा उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करने की कोशिश की है। वह भोपाल के हनुमानगंज थाने की सरकारी डायल 112 वाहन का ड्राइवर है और अपनी मां से मिलने छुट्टी पर गांव आया था, जहां यह घटना हुई।
इस मामले में तत्कालीन टी आई से मामले में लगे आरोपों पर पुलिस का पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं किया। एएसपी कमला जोशी ने बताया कि फिलहाल प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। आवेदन की जांच कराई जाएगी।