डंपर चलाने को लेकर हुए विवाद में की हत्या: वारदात के तीन दिन बाद मैहर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया – Maihar News

डंपर चलाने को लेकर हुए विवाद में की हत्या:  वारदात के तीन दिन बाद मैहर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया – Maihar News



मैहर के नादन में एक युवक की हत्या के तीन दिन बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी भईयालाल उर्फ भईयन कोल को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मृतक की पहचान अंजनी उर्फ बैलेट लोनी (40 वर्ष) निवासी नादन के रूप में हुई है।

.

थाना देहात पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर की देर रात लगभग 1 बजे अंजनी लोनी मैहर-अमरपाटन रोड पर आशुतोष पांडेय के क्रशर के सामने घायल अवस्था में पड़ा मिला। मौके पर उसकी साइकिल और चप्पलें भी मिलीं। उसे डायल-112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपाटन ले जाया गया, जहां से उसे संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया। रीवा पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सिर और चेहरे पर चोट

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बताया कि मृतक के सिर और चेहरे पर किसी कठोर व भोथरे वस्तु से कई बार प्रहार किए गए थे। इन गंभीर चोटों के कारण कपाल-मस्तिष्क में क्षति हुई, जो उसकी मृत्यु का कारण बनी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी भईयालाल उर्फ भईयन कोल (31 वर्ष) से पूछताछ की। सामने आया कि 9 अक्टूबर को भईयालाल ने अंजनी लोनी को फोन कर 10 अक्टूबर की सुबह नादन बुलाया था।

दोनों ने मिलकर डंपर की ग्रीसिंग और वेल्डिंग का काम कराया और इस दौरान कई बार शराब पी। देर रात शराब के नशे में डंपर चलाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद भईयालाल ने अंजनी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

प्रारंभ में यह मामला मर्ग क्रमांक 52/25 धारा 194 बीएनएसएस के तहत दर्ज किया गया था। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद इसे हत्या के मामले में बदल दिया गया। थाना देहात पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।



Source link