रतलाम एसपी अमित कुमार ने मंगलवार शाम को नामली थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। एसपी थाने पहुंच लंबित अपराधों की स्थिति, इनके निराकरण समेत क्षेत्र की कानून व्यवस्था के बारे में थाना प्रभारी रमेश कोली एवं थाना स्टाफ से जाना।
.
एसपी ने अपने निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, हवालात, शस्त्रागार एवं रिकॉर्ड रूम को देखा। ड्यूटी पर उपस्थित अधिकारियों से एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी चार्ट, शिकायत पंजी सहित अन्य अभिलेखों को देख आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
हवालात में साफ-सफाई, बंदियों की भोजन एवं पेयजल व्यवस्था तथा सुरक्षा मापदंडों की भी जांच की। एसपी ने बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार रखते हुए सुरक्षा और स्वच्छता दोनों का विशेष ध्यान रखने को कहा।
नामली थाने के निरीक्षण करते एसपी अमित कुमार।
गंभीरता से सुने शिकायतें एसपी ने थाना प्रभारी को कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए। उनका संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें। पुलिस का व्यवहार आमजन के प्रति संवेदनशील और सहयोगी होना चाहिए। ताकि जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मकता बनी रहे। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के कैंप लगाकर निराकरण के भी निर्देश दिए। एसपी ने लंबित अपराध एवं आदतन अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
डायल-112 के वाहन को देखा एसपी अपने निरीक्षण के दौरान थाना नामली की डायल-112 सेवा वाहन की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। वाहन में लगे डैश बोर्ड कैमरा, वेब कैमरा, मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT), बॉडी वॉर्न कैमरा सहित सभी सुरक्षा उपकरणों के प्रभावी उपयोग की समझाइश दी। निर्देश दिए कि आपातकालीन स्थिति में डायल-112 टीम त्वरित, प्रभावी एवं सुरक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को त्वरित सहायता प्राप्त हो सके। वाहन में उपलब्ध फोल्डेबल स्ट्रेचर, फर्स्ट एड किट आदि का भी निरीक्षण किया।
एसपी अमित कुमार ने स्टाफ को कहा कि पुलिस का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता की सेवा में तत्पर रहें। कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी जाए। प्रत्येक शिकायत का न्यायसंगत समाधान किया जाए।