नई दिल्ली15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाते कप्तान शुभमन गिल, कोच गौतम गंभीर और कुलदीप यादव। गंभीर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस अटेंड की।
भारत के हेड कोच गौतम गंभीर ने मंगलवार को पूर्व कप्तान क्रिस श्रीकांत पर पलटवार किया है। उन्होंने नई दिल्ली में वेस्टइंडीज पर 7 विकेट की जीत के बाद कहा- ‘एक 23 वर्षीय खिलाड़ी को निशाना बनाना शर्मनाक है।’
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर आरोप लगाया था- ‘राणा केवल गंभीर की वजह से भारतीय टीम में हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे टीम में इसलिए चुना गया, क्योंकि वे गंभीर की जी-हुजूरी करते हैं।’

ट्रेनिंग सेशन के दौरान कप्तान गिल और कोच गंभीर। ये दोनों टीम के लीडरशिप रोल में हैं।
इस संबंध में किए गए एक सवाल के जवाब में गंभीर ने कहा-
यह शर्मनाक है कि कोई व्यक्ति अपना यूट्यूब चैनल चलाने के लिए 23 साल के खिलाड़ी को निशाना बना रहा है। अगर आप मुझे निशाना बनाना चाहते हैं, तो बनाइए। मैं इससे निबट सकता हूं, लेकिन यूट्यूब व्यूज के लिए 23 साल के युवा खिलाड़ी को ट्रोल करना शर्मनाक है।

गंभीर ने कहा-
उनके (राणा के) पिता चयनकर्ता नहीं हैं। उन्होंने अपनी योग्यता के आधार पर टीम में जगह बनाई है। इन युवा लड़कों को निशाना मत बनाइए।

श्रीकांत की पूरी बात…
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था-
केवल एक सदस्य है, हर्षित राणा…कोई नहीं जानता कि वह टीम में क्यों है। सबसे अच्छा यही है कि हर्षित राणा की तरह बनें। टीम में चयन के लिए गंभीर की लगातार हां में हां मिलाते रहें।

दिल्ली के क्रिकेटर हर्षित राणा ने पिछले साल गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद तीनों फॉर्मेट में डेब्यू किया। उन्होंने दो टेस्ट, पांच वनडे और तीन टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। जबकि भारतीय टीम ने गंभीर की कोचिंग में 7 टेस्ट, 11 वनडे और 25 टी-20 मैच खेले हैं।

हर्षित राणा ने गंभीर के कोच बनने के बाद तीनों फॉर्मेट में डेब्यू किया है। दोनों KKR से आपस में जुड़े हुए हैं।
क्या है पूरा मामला?
19 अक्टूबर को भारतीय चयनकर्ताओं ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज का ऐलान किया था। यहां हर्षित राणा को टीम में जगह दी गई थी।
भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा 19 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। पहला वनडे पर्थ में खेला जाएगा। फिर दूसरा मैच 23 अक्टूबर को एडिलेड में और तीसरा 25 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाएगा। पूरा शेड्यूल देखिए
