कोलारस-मंडी में मक्का के कम दाम पर किसानों का हंगामा: चक्काजाम किया, प्रशासन की समझाइश के बाद शांत हुए किसान, दोबारा शुरू हुई खरीद – Shivpuri News

कोलारस-मंडी में मक्का के कम दाम पर किसानों का हंगामा:  चक्काजाम किया, प्रशासन की समझाइश के बाद शांत हुए किसान, दोबारा शुरू हुई खरीद – Shivpuri News


शिवपुरी जिले की कोलारस अनाज मंडी में बुधवार को मक्का के कम दाम मिलने पर किसानों ने हंगामा किया। किसानों ने व्यापारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मंडी परिसर के बाहर पुरानी एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया।

.

सूचना मिलने पर कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा और नायब तहसीलदार शैलेंद्र भार्गव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत की और उनकी समस्या सुनी। तत्काल मंडी में मक्का की नमी जांच के लिए मॉइस्चर मशीन मंगवाई गई।

रिजेक्ट फसलों का दोबारा हुआ ऑक्शन जांच के बाद जिन किसानों की फसल मानक के अनुरूप पाई गई, उनकी फसलों का दोबारा ऑक्शन शुरू कराया गया। इसके बाद ही किसान शांत हुए और उन्होंने चक्काजाम समाप्त किया। जानकारी के अनुसार, बुधवार को किसान मक्का की फसल लेकर मंडी पहुंचे थे। व्यापारियों ने मक्का का भाव 900 से 1200 रुपए प्रति क्विंटल तक लगाया, जिससे किसान नाराज थे।

किसानों का कहना था कि मक्का का बाजार भाव 2000 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक होना चाहिए, लेकिन व्यापारी मिलीभगत से जानबूझकर कम भाव लगा रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी में दर्जनों व्यापारियों में से केवल दो व्यापारी ही बोली लगाते हैं और अपने हिसाब से दरें तय करते हैं।

वहीं, व्यापारियों का कहना था कि अधिकांश किसानों की मक्का फसल में नमी अधिक है, ऐसे में उन्हें अधिक भाव देने पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रशासन की दखल के बाद स्थिति सामान्य हुई और मंडी में खरीद-फरोख्त का काम दोबारा शुरू हो गया।



Source link