स्कूल परिसर में 89 शराब की खाली बोतलें मिली हैं।
सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत अंतर्गत मोहनी गांव में स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर से 89 खाली शराब की बोतलें मिली हैं। ग्रामीणों के मुताबिक. शाम ढलते ही यह स्कूल नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है।
.
लोग बोले-देर रात तक यहां गाली-गलौज आम बात
ग्राम पंचायत मोहनी के निवासी नीरज शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन शाम को दर्जनों लोग स्कूल परिसर में शराब पीने के लिए जमा होते हैं। देर रात तक यहां शोरगुल और गाली-गलौज आम बात है। हालात इतने खराब है कि स्थानीय लोगों ने बच्चों और महिलाओं को स्कूल परिसर से गुजरने से भी रोक दिया है।
89 खाली शराब की शीशियां और कई बोतलें मिलीं
बुधवार सुबह भूपेंद्र सिंह और अन्य ग्रामीणों ने मिलकर स्कूल परिसर की सफाई की, तो उन्हें 89 खाली शराब की शीशियां और कई बोतलें मिलीं। इस दृश्य से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद उन्होंने तत्काल खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत से शिकायत की।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए चौकी प्रभारी नीरज साकेत ने कहा कि ग्रामीणों से शिकायत मिली है। स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।