इंदौर के पास बेटमा में मंगलवार को 2 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। बच्चे के बड़े पिता टंकी भरने के लिए नीचे की हौज का ढक्कन खोलकर गए थे। जब वे वापस आए तो बच्चा पानी में डूबा हुआ मिला। उसे परिवार के लोग दो अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन उसकी जान बच
.
बेटमा पुलिस के अनुसार, प्रिंस पुत्र उमेश मिश्रा को उसके बड़े पिता करण सिंह एमवाय अस्पताल लेकर दोपहर में पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करण सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें घर पर पानी की टंकी भरनी थी। उन्होंने 5 फीट की हौज का ढक्कन खोलकर मोटर लगाई और बाहर चले गए। करीब आधे घंटे बाद जब वे वापस आए, तो प्रिंस घर में नहीं मिला। उन्होंने घर के लोगों से पूछा, तो उन्हें बताया गया कि बच्चा बाहर खेल रहा है।
कुछ देर परिवार के लोग उसे बाहर ढूंढते रहे, लेकिन जब वह नहीं मिला, तो हौज में डूबा हुआ पाया गया। बच्चे को निकालकर परिवार ने पहले सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद प्रिंस को चोइथराम अस्पताल ले जाया गया, जहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंत में परिजन उसे एमवाय अस्पताल लेकर आए।
प्रिंस के पिता एक फैक्ट्री में काम करते हैं। परिवार मूल रूप से गुना का रहने वाला है और दो साल पहले ही काम के सिलसिले में इंदौर आए थे। प्रिंस का एक बड़ा भाई है, जो मूकबधिर है। मंगलवार शाम पुलिस ने एमवाय अस्पताल में बच्चे का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।