आशुतोष गोयल (23) और अयान शेख(22) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
उज्जैन में फर्जी एडवाइजरी कंपनी संचालित कर भोलेभाले लोगों से निवेश के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को नीलगंगा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिना नाम के एक ऑफिस संचालित कर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहे थे।
.
उज्जैन पुलिस द्वारा फर्जी एडवाइजरी कंपनियों के नाम पर ठगी करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना नीलगंगा पुलिस को गुरुवार को वेद नगर, बैंक ऑफ इंडिया के सामने एक ऑफिस में आशुतोष गोयल नामक व्यक्ति द्वारा लोगों की सहमति के बिना उनके मोबाइल नंबर लेकर निवेश के नाम पर उनसे धोखाधड़ी करने की जानकारी मिली।
पुलिस टीम अमृत चाय के ऊपर पुरानी बिल्डिंग पहुंचने पर पाया गया कि वहां बिना किसी बोर्ड के एक ऑफिस संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि वहां पर आशुतोष गोयल उम्र 23 वर्ष और अयान शेख उम्र 22 वर्ष द्वारा लगभग दो माह से एडवाइजरी कंपनी चलाई जा रही है, जहां कई युवक-युवतियां बैठकर फोन कॉल्स के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करते हैं।
पुलिस ने छापा मारकर ऑफिस से 3 की-पैड मोबाइल फोन और ग्राहकों के नाम व मोबाइल नंबरों सहित लगभग 100 पेज के दस्तावेज जब्त किए हैं। जिनका उपयोग निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने में किया जा रहा था। आरोपी आशुतोष गोयल और अयान शेख के खिलाफ थाना नीलगंगा पर अपराध क्रमांक 497/2025, धारा 319(2), 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना नीलगंगा पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से फर्जी निवेश सलाह देने वाली ठग कंपनियों पर नकेल कसने में सफलता मिली है। जिले में इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की फर्जी निवेश या एडवाइजरी कंपनियों से सावधान रहें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।