देवास में दो युवकों ने एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक भी नजर आए हैं।
.
जीतमाल नगर निवासी भेरुलाल नागर (45) ने पुलिस को बताया कि वह ड्यूटी के बाद विकासनगर चौराहे स्थित एटीएम से पैसे निकालने गए थे। एसबीआई का एटीएम बंद होने के कारण वह कैनरा बैंक के एटीएम पहुंचे। जब वह कार्ड लगाकर प्रक्रिया कर रहे थे, तो पैसे नहीं निकले।
एटीएम गलत लगाने की बात कहकर बदला कार्ड इसी दौरान उनके पीछे खड़े एक युवक ने मदद की पेशकश की और एटीएम गलत लगाने की बात कहकर उनका कार्ड बदल लिया। युवक ने अपना कार्ड मशीन में डाला और भेरुलाल को प्रक्रिया जारी रखने को कहा, जिसके बाद वह वहां से चला गया। भेरुलाल ने जब देखा तो उनका असली एटीएम कार्ड गायब था।
बाद में एसबीआई के ऐप पर स्टेटमेंट चेक करने पर उन्हें पता चला कि उनके खाते से पांच बार में 10-10 हजार रुपए, कुल 50 हजार रुपए निकाले जा चुके हैं। इसके बाद उन्होंने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।