कलेक्टर विवेक श्रोतिय और एसडीएम संस्कृति लिटोरिया ने नयाखेरा समिति पहुंचकर टोकन वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया
टीकमगढ़ में खाद वितरण की समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से आज शुक्रवार से टोकन व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत किसानों को 17, 18 और 19 अक्टूबर को खाद के टोकन बांटे जाएंगे। खाद का नगद वितरण 22 अक्टूबर से शुरू होगा।
.
शुक्रवार को कलेक्टर विवेक श्रोतिय और एसडीएम संस्कृति लिटोरिया ने नयाखेरा समिति पहुंचकर टोकन वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरुरी निर्देश दिए।
सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बांटे जाएंगे टोकन
कलेक्टर ने बताया कि नगद खाद खरीदने वाले किसानों के लिए डीएपी/एनपीके (अन्नदाता) खाद के टोकन 17, 18 और 19 अक्टूबर को नजदीकी सहकारी समितियों पर उपलब्ध रहेंगे। ये टोकन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बांटे जाएंगे। टोकन के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड और ऋण पुस्तिका साथ लानी होगी।
समिति पर किसानों की कृषि भूमि के रकबे के अनुसार खाद की मात्रा और उसे प्राप्त करने की तारीख टोकन पर दर्ज की जाएगी। इस व्यवस्था से किसानों को अलग-अलग तारीखों के टोकन मिलेगें।
मूल टोकन जमा करने के बाद मिलेगी खाद
खाद का वितरण 22, 23, 24 और 25 अक्टूबर को डबल लॉक गोदामों और मार्कफेड के गोदामों से किया जाएगा। किसान टोकन पर लिखी हुई दिनांक को गोदाम पर पहुंचकर, मूल टोकन जमा करने के बाद, पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाकर और नगद भुगतान कर खाद प्राप्त कर सकते हैं।
जिले में कुल 6 गोदामों से खाद का वितरण किया जाएगा, जिसमें हर गोदाम से प्रतिदिन लगभग 200 किसानों को खाद वितरित की जाएगी। इस नई व्यवस्था से नगद में खाद लेने वाले किसानों को यह निश्चितता रहेगी कि उन्हें किस दिन खाद मिलेगी। इससे वितरण केंद्रों पर अत्यधिक भीड़ और खाद प्राप्त करने की अनिश्चितता जैसी परेशानियों से बचा जा सकेगा।
यह सुविधा विशेष रूप से टीकमगढ़ जिले के किसानों के लिए बनाई गई है।