सतना में पुलिस ने डीजे संचालक पर गोली चलाने वाले आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद पंजाब में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा भी बरामद किया है।
.
यह मामला 4 अक्टूबर का है। सतना के टिकुरिया टोला इलाके में लखन चौराहा निवासी अंकुर गुप्ता (30) अपने घर के सामने गाड़ी से डीजे का सामान उतार रहे थे। तभी बजरहा टोला निवासी जितेंद्र बसोर अपने दो साथियों के साथ अपाचे बाइक से वहां पहुंचा।
जितेंद्र ने अंकुर से दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम में डीजे ले जाने को कहा। जब अंकुर ने मना किया, तो जितेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर कट्टे से गोली चला दी। गोली लगने से अंकुर घायल हो गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
कोलगवां थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जितेंद्र बसोर उर्फ जितेंद्र बंसकार चंडीगढ़ में छिपा है। टीम ने वहां दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर सतना ले आई।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल की। पुलिस ने उसके पास से देशी कट्टा बरामद किया और आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।