श्योपुर नगर पालिका परिषद के कर्मचारी और पंप चालक तीन महीने से सैलरी न मिलने के कारण आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। जुलाई, अगस्त और सितंबर महीने का वेतन नहीं मिलने पर शुक्रवार को कर्मचारियों ने नगरपालिका कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
.
नाराज कर्मचारियों ने नगरपालिका कार्यालय के सामने बैठकर प्रतीकात्मक रूप से भीख मांगी। उनका कहना था कि प्रशासन ने महीनों से वेतन न दिए जाने के कारण वे दूसरों के सामने हाथ फैलाने को मजबूर हैं।
कर्मचारियों ने बताया कि वे रोज शहर की सफाई, पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक कार्यों में लगे रहते हैं। वेतन न मिलने से उनके परिवारों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। दीपावली जैसे त्योहार पर उनके परिवार भूखे रहने को मजबूर हैं।
कर्मचारियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
विरोध कर रहे कर्मचारियों ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर जल्द वेतन भुगतान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे सफाई व्यवस्था ठप कर देंगे और कार्य का बहिष्कार करेंगे।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार आग्रह के बावजूद प्रशासन ने उनकी सुध नहीं ली है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।