बालाघाट में कार की टक्कर से मजदूर की मौत: नागपुर ले जाते समय तिरोड़ा में तोड़ा दम, परिवार का इकलौता सहारा था – Balaghat (Madhya Pradesh) News

बालाघाट में कार की टक्कर से मजदूर की मौत:  नागपुर ले जाते समय तिरोड़ा में तोड़ा दम, परिवार का इकलौता सहारा था – Balaghat (Madhya Pradesh) News




बालाघाट जिले में एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय मजदूर अनिल धवरे की मौत हो गई। शुक्रवार देर शाम मानेगांव में एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल अनिल को नागपुर ले जाते समय महाराष्ट्र के तिरोड़ा में उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, धनसुआ निवासी अनिल धवरे शुक्रवार देर शाम मजदूरी कर घर लौट रहे थे, तभी भरवेली थाना क्षेत्र के मानेगांव में यह हादसा हुआ। कार की टक्कर से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल बालाघाट ले गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, अनिल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें गोंदिया अस्पताल ले गए, जहां से भी हालत बिगड़ने पर उन्हें नागपुर रेफर किया गया। नागपुर ले जाते समय ही देर रात करीब 1 बजे महाराष्ट्र के तिरोड़ा में उनकी मौत हो गई। शनिवार को जिला अस्पताल बालाघाट में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि मामले की अग्रिम जांच संबंधित थाना पुलिस करेगी। पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि अनिल अपने परिवार के इकलौते पालनहार थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।



Source link