टीम बस पर हमला तो कभी प्लेयर को मारी गई गोली, जानें कब-कब क्रिकेट हुआ लहूलुहान

टीम बस पर हमला तो कभी प्लेयर को मारी गई गोली, जानें कब-कब क्रिकेट हुआ लहूलुहान


नई दिल्ली: पाकिस्तानी सेना की एयर स्ट्राइक में अफगानिस्तान के तीन लोकल क्रिकेटरों की मौत से खेल जगत में मातम पसरा हुआ है. पाकिस्तान के इस घटिया हरकत के बाद अफगानिस्तान के कई खिलाड़ियों ने अपना दुख जाहिर करते हुए पाकिस्तान की आलोचना की है. सिर्फ इतना ही नहीं, अफगानी खिलाड़ियों ने आगामी त्रिकोणीय सीरीज में भी खेलने से इंकार कर दिया है. सीरीज का आयोजन 17 नवंबर से पाकिस्तान में ही किया जाना था. इस सीरीज में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के अलावा श्रीलंका की टीम हिस्सा लेती. ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी हमले या बम विस्फोट के कारण कोई सीरीज का मैच रद्द हुआ है. आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ दर्दनाक घटनाओं के बारे में कि कब-कब क्रिकेट लहूलुहान हुआ.

2009 में श्रीलंकाई टीम पर आतंकी हमला

3 मार्च 2009 को क्रिकेट इतिहास का काला दिन कहा जाता है. श्रीलंका क्रिकेट टीम पाकिस्तान के दौरे पर थी. श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच लाहौर के गद्दाफी क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबला खेला जा रहा था. श्रीलंकाई टीम स्टेडियम के लिए निकल रही थी कि तभी आतंकवादियों ने टीम बस पर हमला कर दिया. इस घटना में श्रीलंका के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ समेत कुल 6 सदस्य घायल हुए थे. इस घटना ने पूरे खेल जगत को दहला दिया था. इस आतंकी घटना का इतना बुरा असर हुआ कि करीब एक दशक तक पाकिस्तान में इंटरनेशनल क्रिकेट ठप्प हो गया. कोई भी टीम यहां आकर नहीं खेलना चाहती थी.

मैच शुरू होने से पहले न्यूजीलैंड छोड़ा पाकिस्तान

यह घटना साल 2021 की है. न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान के दौरे पर गई थी. दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली जानी थी. पहला मैच रावलपिंडी स्टेडियम में खेला जाना था. मैच के लिए सारी तैयारियां शुरू हो गई थी. न्यूजीलैंड की टीम मैच के लिए कुछ ही देर में होटल से निकलती, लेकिन तभी कीवी टीम को पता चला कि उनकी सुरक्षा में में चूक होने वाली है. ऐसे में आनन-फानन में न्यूजीलैंड की टीम ने मैच को छोड़ वापसी की फ्लाइट पकड़ ली. क्योंकि टीम को सुरक्षा एंजेसियों की तरफ से बताया कि टीम पर आतंकी हमला होने वाला है.

2002 में भी न्यूजीलैंड ने दौरा किया था रद्द

साल 2002 में भी न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान के दौरे पर आई थी. इस दौरे पर भी न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों की जान जोखिम में पड़ गई थी. कराची में मैच खेलने पहुंची कीवी टीम के होटल के बाहर भीषण बम धमाका हुआ, जिसमें 12 लोग मारे गए थे. हालांकि, कोई खिलाड़ी इसमें हताहत नहीं हुआ, लेकिन टीम के फिजियो डेल शैकल को हल्की चोट जरूर आई थी. इस घटना के बाद न्यूजीलैंड की टीम ने बीच में ही दौरे को रद्द कर दिया.

श्रीलंका में न्यूजीलैंड टीम पर आई थी मुसीबत

साल 1987 में न्यूजीलैंड की टीम श्रीलंका दौरे पर गई थी. न्यूजीलैंड को यहां तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी थी, लेकिन कीवी टीम पहले टेस्ट के बाद ही वापस अपने देश चली गई. दरअसल कोलंबो में न्यूजीलैंड की टीम जिस होटल में रुकी थी, उसके नजदीक बम धमाका हुआ था. विस्फोट इतना भयावह था कि उसमें करीब 100 से ज्यादा लोगों ने अपनी जान गंवा दी. इसी कारण न्यूजीलैंड की टीम ने तुरंत श्रीलंका छोड़ने का फैसला किया. ऐसी ही घटना 1992 में न्यूजीलैंड के साथ श्रीलंका में ही दोबारा हुई थी.

26/11 हमले के बाद इंग्लैंड ने भारत दौरा किया था रद्द

साल 2008 में मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले के कारण इंग्लैंड ने भारत के दौरे को बीच में रद्द कर दिया था. इंग्लैंड की टीम यहां 7 वनडे मैचों की सीरीज खेल रही थी, जिसमें भारतीय ने 5-0 की बढ़ बना रखी थी, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंग्लैंड ने बिना दो मैच खेले ही दौरे को रद्द करने का फैसला किया था.



Source link