नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र में देवरी खवासा और महागढ़ के बीच शनिवार को महिला के सिर के ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
.
जानकारी के अनुसार, महिला भाटखेड़ी की रहने वाली थी। उसका नाम सज्जन बाई और उम्र 60 साल थी। वह अपने पति बद्रीलाल किर के साथ बाइक पर सवार थीं। बद्रीलाल ने सामने जा रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सज्जन बाई असंतुलित होकर ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच गिर गईं।
हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उनके सिर से होकर गुजर गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर भाटखेड़ी निवासी मोहनलाल भील का था। वह मेहंदी का पाला लेने जा रहे थे।
घटना की सूचना पर 108 एम्बुलेंस और मनासा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मनासा अस्पताल भिजवाया। शनिवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।