शिवपुरी में धनतेरस पर 9 करोड़ का व्यापार: इलेक्ट्रिक स्कूटी की मांग बढ़ी, किसानों की खरीददारी घटी – Shivpuri News

शिवपुरी में धनतेरस पर 9 करोड़ का व्यापार:  इलेक्ट्रिक स्कूटी की मांग बढ़ी, किसानों की खरीददारी घटी – Shivpuri News


शिवपुरी जिले के बाजारों में धनतेरस के अवसर पर शनिवार को जबरदस्त रौनक देखी गई। व्यापारियों के अनुसार, पूरे जिले में करीब 9 करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार हुआ। सुबह से ही शहर के मुख्य बाजारों में खरीददारी के लिए भारी भीड़ उमड़ी।

.

कोर्ट रोड, टेकरी, सदर बाजार, बड़ौदी और पुरानी शिवपुरी जैसे मुख्य बाजारों में लोग उमड़ पड़े। धनतेरस के विशेष महत्व को देखते हुए सबसे ज्यादा बर्तन खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंचे।

ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी वाहनों की खूब खरीदारी हुई, जिसमें ग्राहकों को कम हुई जीएसटी का फायदा मिला। इस बार इलेक्ट्रिक स्कूटी की खरीददारी में बड़ा उछाल देखने को मिला। कुछ बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियां उन ग्राहकों को इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध नहीं करा सकीं, जिन्होंने धनतेरस पर खरीदने के लिए एडवांस बुकिंग की थी, जिससे उन्हें मायूसी हुई।

सराफा बाजार में भी दिनभर रौनक रही, हालांकि सोने-चांदी के बढ़े दामों के कारण लोगों ने खरीददारी में थोड़ी सावधानी बरती। वहीं, जीएसटी कम होने से इलेक्ट्रॉनिक बाजार में टीवी, फ्रिज, मोबाइल और अन्य घरेलू उपकरणों की अच्छी बिक्री हुई।

इस वर्ष बारिश और अतिवृष्टि के कारण किसानों को फसलों में भारी नुकसान उठाना पड़ा। मक्का और अन्य फसलों की पैदावार घटने से उनकी आमदनी प्रभावित हुई, जिसका असर बाजारों में साफ दिखाई दिया।

शिवपुरी शहर के कोर्ट रोड स्थित बर्तन व्यापारी विवेक गोयल ने बताया कि, “शहरी क्षेत्र के लोग तो बर्तन की खरीददारी के लिए दुकानों पर ज्यादा पहुंचे हैं, लेकिन किसान परिवारों की आमद इस बार काफी कम रही। बारिश से फसलें खराब होने के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है, जिससे उनकी खरीददारी लगभग 50 प्रतिशत तक घट गई।”

धनतेरस की खरीददारी के साथ ही अब शहर दीपावली की तैयारियों में जुट गया है। मिठाई, कपड़ों और सजावट की दुकानों में भीड़ बढ़ने लगी है। व्यापारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक यह कारोबार और दोगुना हो सकता है।



Source link