सिंगरौली में यूपी के ऑटो चालक को पीटा: माजन तिराहे पर यात्रियों को बैठाने पर स्थानीय ड्राइवर्स ने की मारपीट – Singrauli News

सिंगरौली में यूपी के ऑटो चालक को पीटा:  माजन तिराहे पर यात्रियों को बैठाने पर स्थानीय ड्राइवर्स ने की मारपीट – Singrauli News


सिंगरौली शहर के माजन तिराहे पर स्थानीय ऑटो चालकों ने उत्तर प्रदेश के एक ऑटो चालक की पिटाई कर दी। यह घटना शनिवार शाम करीब 5:30 बजे हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

.

पीड़ित चालक की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने माजन तिराहे पर रुककर जयंत इलाके की ओर जाने वाले यात्रियों को अपने ऑटो में बैठाया था।

ये है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, शक्ति नगर, उत्तर प्रदेश का ऑटो चालक सुरेश कुमार बैढ़न से शक्ति नगर लौट रहा था। रास्ते में माजन तिराहे पर उसने जयंत और नवानगर जाने वाले यात्रियों को अपने ऑटो में बैठा लिया। इसी बात से नाराज होकर तिराहे पर खड़े करीब आधा दर्जन स्थानीय ऑटो चालकों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।

मौके पर ट्रैफिक पुलिस भी नहीं थी

स्थानीय दुकानदार संदीप ने बताया कि अचानक शोर सुनकर वह दुकान से बाहर निकले तो देखा कि कई लोग मिलकर एक व्यक्ति को पीट रहे थे और वह मदद के लिए गुहार लगा रहा था। संदीप ने पुलिसकर्मियों को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन भीड़भाड़ वाले इस चौराहे पर कोई ट्रैफिक पुलिसकर्मी या अन्य पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, जबकि धनतेरस के कारण भीड़ की आशंका थी।

यह माजन इलाके में ऑटो चालकों के उपद्रव का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि माजन इलाके में ऑटो चलाने वाले चालक अक्सर नशे की गोलियों या शराब के नशे में धुत रहते हैं।

हालांकि, इस घटना के संबंध में पुलिस में अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।



Source link