बालाघाट कोतवाली के मालखाने से चोरी हुए 55 लाख 13 हजार 100 रुपए में से पुलिस ने अब तक 53 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। शेष राशि की बरामदगी अभी बाकी है। हाल ही में सिवनी के जुएबाज विवेक श्रीवास्तव उर्फ लाला से 13 लाख रुपए जब्त किए गए।
.
रविवार शाम रिमांड अवधि समाप्त होने पर पुलिस ने आरोपी विवेक श्रीवास्तव उर्फ लाला, ऋतुराज मोहारे और हेमराज रनगिरे को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने ऋतुराज और हेमराज को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया, जबकि विवेक उर्फ लाला से आगे की पूछताछ के लिए एक दिन की पुलिस रिमांड और मंजूर की गई।
इस मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ने महिला सेल डीएसपी प्रतिष्ठा राठौर के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। यह दल अब पूरे मामले की विवेचना करेगा।
मालखाने से और कोई राशि गायब तो नहीं है, इसकी जांच जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ मालखाने में रखे अपराध से जुड़े सभी जब्त सामानों की जांच की जा रही है।
पूर्व में 55 लाख 13 हजार 100 रुपए और जेवर गायब पाए गए थे, अब यह पता लगाया जा रहा है कि क्या और भी कुछ गायब है।
इस मामले में मालखाने से प्रधान आरक्षक राजीव पंद्रे के रुपए और जेवर गायब होने का खुलासा करने वाले थाना प्रभारी विजय राजपूत को सस्पेंड कर उनकी विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

प्रधान आरक्षक राजीव पंद्रे।