दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान भारत के लिए 92 टेस्ट मैच और 200 वनडे मैच खेल चुके हैं. जहीर खान ने इसके अलावा 17 टी20 इंटरनेशनल मैच और 100 IPL मैच भी खेले हैं. जहीर खान ने 92 टेस्ट मैचों में 311 विकेट और 200 वनडे मुकाबलों में 282 विकेट लिए हैं. जहीर खान ने 17 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 17 विकेट और 100 IPL मुकाबलों में 102 विकेट झटके हैं.
जहीर खान ने चुना वनडे का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर
जहीर खान ने क्रिकबज के एक शो के दौरान वनडे का ऑलटाइम सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना है. जहीर खान ने युवराज सिंह, जैक कैलिस और रवींद्र जडेजा को नहीं बल्कि एक अन्य खिलाड़ी को दुनिया का महान ऑलराउंडर चुना है. जहीर खान ने कपिल देव को वनडे का ऑलटाइम सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना है. कपिल देव ने 1983 में भारत को पहला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जिताया था. कपिल देव ने 1978 से 1994 तक भारत के लिए कुल 225 वनडे मैच खेले और 3783 रन बनाने के अलावा 253 विकेट भी झटके.
वनडे में भारत के लिए शतक जड़ने वाले पहले भारतीय
कपिल देव वनडे में भारत के लिए शतक जड़ने वाले पहले भारतीय थे, उन्होंने 1983 के वर्ल्ड कप के दौरान जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 175 रन बनाए थे. कपिल देव वनडे मैचों में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज भी बने थे और अपने संन्यास के समय टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक 434 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी उनके नाम था. जहीर खान ने कहा, ‘मैं कपिल पाजी को चुनूंगा. मुझे लगता है कि कपिल देव मेरे लिए युवराज सिंह से बेहतर ऑलराउंडर हैं.’
युवराज और कैलिस के रिकॉर्ड्स
युवराज सिंह ने 3 अक्टूबर 2000 से 30 जून 2017 तक अपने 17 साल के करियर में 304 वनडे मैच खेले और 8701 रन बनाने के अलावा 111 विकेट झटके. 2011 के वनडे वर्ल्ड कप में युवराज सिंह ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम के लिए 9 मैच खेले और 8 पारियों में 362 रन बनाए. गेंदबाजी में उन्होंने 15 विकेट लिए, जिसमें एक पारी में पांच विकेट भी शामिल थे. दूसरी ओर, जैक कैलिस ने साउथ अफ्रीका के लिए 328 वनडे मैचों में 11,579 रन और 273 विकेट के साथ अपने करियर का अंत किया. इस पूर्व साउथ अफ्रीकी क्रिकेटर ने टेस्ट क्रिकेट में 13,289 रन बनाए हैं और 292 विकेट झटके हैं.