श्योपुर जिले के मानपुर में लव मैरिज करने वाले अर्चना और उमेश वैष्णव ने एक वीडियो जारी कर आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। उन्होंने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
.
वीडियो में अर्चना वैष्णव ने कहा है कि यदि पुलिस ने दो दिन के भीतर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की, तो वह और उनके पति उमेश आत्महत्या कर लेंगे। उन्होंने अपना सुसाइड नोट सोशल मीडिया और एसपी को भेजने की बात कही है।
मानपुर गांव निवासी अर्चना और उमेश ने परिवार की मर्जी के खिलाफ एक महीने पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से वे इंदौर में रह रहे हैं। युवती के परिजन लगातार उमेश के परिवार को धमका रहे हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष उनके घर में घुसकर मारपीट, झगड़े और जान से मारने की धमकियां देता है।
पीड़ित परिवार ने मानपुर थाने में कई बार लिखित शिकायतें देकर सुरक्षा की मांग की थी। हालांकि, थाना प्रभारी पर सुनवाई न करने और कोई कार्रवाई न करने का आरोप है।
इस संबंध में मानपुर टीआई पप्पू यादव का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है।