टूर्नामेंट आयोजक की शिकायत करने एंबुलेंस से थाने पहुंचा घायल: टीकमगढ़ में 6 दिन पहले जर्जर छत पर बॉल उठाने गया था, गिरने से लगी थी चोट – Tikamgarh News

टूर्नामेंट आयोजक की शिकायत करने एंबुलेंस से थाने पहुंचा घायल:  टीकमगढ़ में 6 दिन पहले जर्जर छत पर बॉल उठाने गया था, गिरने से लगी थी चोट – Tikamgarh News


टीकमगढ़ में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान जर्जर बिल्डिंग की छत से गिरे एक युवक ने शुक्रवार शाम कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घायल युवक रिहान पिता जहीर अहमद एंबुलेंस से कोतवाली पहुंचा।

.

रिहान ने नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजक अभिषेक जैन पर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि अभिषेक जैन ने उसे जर्जर छत पर गेंद उठाने के लिए भेजा था, जिसके कारण वह नीचे गिरकर घायल हो गया।

ये है पूरा मामला

यह घटना 17 अक्टूबर को शहर के नजरबाग ग्राउंड में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान हुई थी। ग्राउंड के बगल में स्थित पुरानी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल की जर्जर छत से रिहान नीचे गिर गया था।

हादसे में रिहान के पैर में फ्रैक्चर हो गया है और लीवर और रीढ़ की हड्डी में भी चोट आई है। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए थे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे झांसी रेफर कर दिया गया था। घटना के 6 दिन बाद रिहान ने शिकायत दर्ज कराई है।

रिहान ने कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र चाचौंदिया को एक ज्ञापन सौंपा है। थाना प्रभारी ने पीड़ित की बात सुनी और आवेदन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

आयोजक ने कहा- मैं घायल को युवक जानता तक नहीं

वहीं, इस मामले में टूर्नामेंट के आयोजक अभिषेक जैन ने आरोपों का खंडन किया है। उनका कहना है कि वे इस युवक को जानते तक नहीं हैं और न ही उनकी कोई जान-पहचान है। जैन ने सुझाव दिया कि कॉल डिटेल से इसकी पुष्टि की जा सकती है।

अभिषेक जैन के अनुसार, युवक मैच देखने के लिए छत पर चढ़ा होगा और इसी दौरान हादसा हो गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन समिति का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।



Source link