सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व के वन अमले ने खवासा स्थित टोल प्लाजा पर एक बोलेरो वाहन से अवैध रूप से ले जाई जा रही सागौन की लकड़ी जब्त की। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को भी पकड़ा गया है।
.
उपनिदेशक रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि वन परिक्षेत्र खवासा (बफर) के स्टाफ ने वाहन MH 40 DC 0941 की तलाशी ली। इसमें 9 नग सागौन के गीले लट्ठे पाए गए, जिनकी कुल मात्रा 1.793 घन मीटर थी। वाहन चालक लकड़ी के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने बताया कि लकड़ी सिवनी जिले के ग्राम तिघरा से लाई गई थी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया, जिसमें पुष्टि हुई कि यह लकड़ी ग्राम तिघरा के किसान ब्रजमोहन बघेल के खेत से काटी गई थी।
चूंकि यह प्रकरण दक्षिण सिवनी (सामान्य) वनमंडल के अंतर्गत आता था, इसलिए जब्त वाहन, वनोपज और दोनों आरोपियों को वन परिक्षेत्र कुरई (सामान्य) को हस्तांतरित कर दिया गया है।
