पकड़ी गई बुलेट का मॉडिफाइड साइलेंसर चेक करते हुए पुलिस अधिकारी।
ग्वालियर में बुलेट बाइक से गोलियों जैसी आवाज या अन्य तरह का कर्कश शोर करने वालों पर शनिवार को पुलिस ने कड़ी निगरानी रखी। शहर की ट्रैफिक पुलिस ने झांसी रोड, कंपू और मेला थाना पॉइंट पर एक साथ चेकिंग अभियान चलाया।
.
पुलिस ने एक घंटे की चेकिंग में 20 से अधिक बुलेट बाइक पकड़ी, जिनमें 12 में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। पुलिस ने इन वाहनों के चालकों के चालान किए और अपने सामने ही नए साइलेंसर मंगवाकर बदलवाए। इसके बाद ही बुलेट बाइक को जाने दिया गया।
शहर की एएसपी ट्रैफिक अनु बेनीवाल ने बताया कि शनिवार को यातायात थाना प्रभारी झांसी रोड डॉ. कृष्णपाल सिंह तोमर, कंपू थाना प्रभारी धनंजय शर्मा और मेला यातायात थाना प्रभारी अभिषेक सिंह रघुवंशी को ऐसी बुलेट बाइक पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिनमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगा होता है, जिससे आम लोगों को परेशानी ना हो।
इस तरह की बुलेट बाइक सवार सड़कों पर कई बार हादसों के कारण भी बन जाते हैं। मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली आवाज से आसपास के वाहन चालक आश्चर्य चकित होकर हादसे का शिकार हो तो हैं। एएसपी के निर्देश पर झांसी रोड, कंपू और मेला इलाके में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
नहीं चली सिफारिश, साइलेंसर बदलवाना ही पड़ा
कार्रवाई के दौरान जिन बुलेट बाइक पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगे हुए थे, उन पर सख्त कार्रवाई की गई है। कुछ लोगों ने शहर के नेताओं व गणमान्य नागरिकों से सिफारिश भी लगवाई, लेकिन पुलिस का कहना था कि इस मामले में कोई राहत नहीं मिल पाएगी। पुलिस ने ऐसे बुलेट सवारों पर चालान की कार्रवाई की। साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर बदलवाने के बाद ही वाहन को जाने दिया है।