सिवनी जिले की लखनादौन पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए आरोपित को रात्रि के समय गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लगभग 50 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी जब्त किए हैं।
.
लखनादौन थाना प्रभारी कीरत प्रसाद धुर्वे ने सुबह जानकारी देते हुये बताया कि 7 सितंबर को चुटका निवासी जानकी बाई पति सतेंद्र पटेल ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जानकी बाई ने शिकायत में बताया था कि वह घर में ताला लगाकर खेत पर काम करने गई थीं। शाम को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे लगभग 50 हजार रुपये के जेवरात गायब थे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध महेश पुत्र टेकराम पटेल (30) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित महेश ने चोरी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपित महेश के कब्जे से चांदी के एक जोड़ी पायजेब, तीन जोड़ी पायल और सोने का एक मंगलसूत्र बरामद किया है। जब्त किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक केपी धुर्वे, उपनिरीक्षक संतोष शर्मा, प्रधान आरक्षक ललता प्रसाद पटले और आरक्षक अजयसिंह बघेल की टीम शामिल रही।
