कटी चोटी लेकर बाबा प्रीतमदास थाने पहुंचे।
भिंड जिले की खड़ियाहर पंचायत के इटौरा हनुमान मंदिर पर रहने वाले बाबा प्रीतम दास के साथ गांव के ही दो लोगों ने मारपीट कर उनकी चोटी काट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
.
जानकारी के अनुसार, यह घटना 20 अक्टूबर की है। मंदिर पर 19 अक्टूबर को गांव के श्यामवीर बघेल और महावीर बघेल के बच्चे अपनी बकरियों को मंदिर के पास चर रहे थे। बाबा प्रीतम दास ने बच्चों को बकरियों को मंदिर के पास चराने से मना किया, क्योंकि बकरियां नए लगाए गए पेड़ों को खा रही थीं।
बच्चों ने यह बात अपने घर जाकर परिजनों को बताई। इसके अगले दिन, 20 अक्टूबर को श्यामवीर बघेल और महावीर बघेल ने बाबा को खड़ियाहर जाते समय रास्ते में पकड़ लिया और मारपीट कर उनकी चोटी काट दी।
बाबा प्रीतम दास ने बताया कि वे बच्चों को मंदिर के पास बकरी चराने से इसलिए रोक रहे थे क्योंकि पेड़ लगे हुए थे और बकरियां उन्हें नुकसान पहुँचा रही थीं। मारपीट के बाद बाबा दहशत में थे और उन्होंने तुरंत पुलिस से शिकायत की।
थाना प्रभारी मनोज वर्दियां ने बताया कि बाबा प्रीतम दास के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और शीघ्र उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है।