IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में रोमांचक जंग देखने को मिली. भले ही टीम इंडिया ने सीरीज गंवा दी, लेकिन क्लीन स्वीप का दाग एक बार फिर बचा लिया है. वनडे इतिहास में अभी तक ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत को द्विपक्षीय सीरीज में क्लीन स्वीप नहीं कर पाई है. सिडनी में रोहत-कोहली ऑस्ट्रेलिया के सामने रोड़ा बन गए. भारत ने 9 विकेट से आखिरी मुकाबले को अपने नाम किया. रोहित ने इस मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेली.
टॉस हारने का सिलसिला बरकरार
भले ही टीम इंडिया ने इस मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम किया, लेकिन टीम इंडिया के टॉस हारने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस मैच में भी ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम इंडिया की तरफ से कसी हुई गेंदबाजी देखने को मिली. युवा हर्षित राणा ने 4 विकेट झटके जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 2 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा अक्षर, कुलदीप, सिराज और कृष्णा को एक-एक विकेट मिला.
237 रन का था लक्ष्य
रेनशॉ के अर्धशतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की टीम ने जैसे-तैसे बोर्ड पर 236 रन टांगे थे. हिटमैन सिडनी में अपने रिकॉर्ड्स की भविष्यवाणी पर खरे उतरे और हमेशा की तरह इस मैदान पर अपने बल्ले से हल्ला बोला. रोहित ने नाबाद 121 रन की पारी खेली. वहीं, दूसरी तरफ रोहित शर्मा को विराट कोहली का साथ मिला. डबल डक के बाद कोहली ने भी इस मैच में नाबाद 74 रन की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को एकतरफा अंदाज में धूल चटा दी. दोनों दिग्गजों का कमबैक हुआ, लेकिन शुभमन गिल अभी भी वापसी की तलाश में हैं.
ये भी पढे़ं.. IND vs AUS: रोहित शर्मा का 50वां शतक… सचिन-कोहली के क्लब में धांसू एंट्री, ये कारनामा करने वाले तीसरे भारतीय
क्लीन स्वीप से चूके कंगारू
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे इतिहास में एक से बढ़कर एक कांटे की टक्कर देखने को मिली हैं. लेकिन ऑस्ट्रेलिया हमेशा से ही द्विपक्षीय सीरीज में भारत को क्लीन स्वीप करने के सपने देखता है. इस सीरीज में 2-0 से बढ़त बनाने के बाद ऑस्ट्रेलिया के पास गोल्डन चांस था, लेकिन रोहित शर्मा और विराट कोहली के बल्ले की धमक ने टीम इंडिया के रिकॉर्ड को बरकरार रखा है.