IPL 2021: आंद्रे रसेल ने मुंबई के खिलाफ पहली बार 5 विकेट झटके थे. (PTI)
आईपीएल (IPL 2021) के पांच मुकाबले खेले जा चुके हैं. अब तक दो वेन्यू चेन्नई और मुंबई में मुकाबले खेले गए हैं. दोनो ही मैदान पर तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहा है. केकेआर के तेज गेंदबाज आंद्रे रसेल 6 विकेट लेकर टॉप पर हैं.
चेन्नई में हुए तीन मैचों की बात करें तो इस दौरान कुल 45 विकेट गिरे हैं. इनमें से 27 विकेट तेज गेंदबाजों को मिले हैं, जबकि 14 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए हैं. 4 खिलाड़ी रन आउट हुए हैं. यानी तेज गेंदबाज चेन्नई में स्पिन गेंदबाजों के मुकाबले दोगुने विकेट ले रहे हैं. मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच यहां खेले गए अंतिम मैच की बात करें तो पहली पारी में आंद्रे रसेल ने 5 विकेट लिए थे. लेकिन दूसरी पारी में मुंबई के लेग स्पिनर राहुल चाहर ने 4 विकेट लेकर टीम को रोमांचक जीत दिलाई. चेन्नई की पिच अमूमन स्पिन गेंदबाजों को मदद करती है. लेकिन इस बार मैच काली मिट्टी पर खेले जा रहे हैं. इस कारण शुरुआती मैच में तेज गेंदबाज हावी हैं.
वानखेड़े में स्पिन गेंदबाजों को सिर्फ 2 विकेट
अब मुंबई के वानखेड़े की पिच की बात करें तो अब तक दो मैच में 23 विकेट गिरे गए हैं. 20 विकेट तेज गेंदबाजों को जबकि सिर्फ दो विकेट स्पिन गेंदबाजों को मिले हैं. एक खिलाड़ी रन आउट हुआ है. वानखेड़े की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है. दूसरी पारी में ओस भी पड़ती है. ऐसे में स्पिन गेंदबाज मैच से पूरी तरह से बाहर हो जाते हैं. इस सीजन में यहां कुल 10 मैच खेले जाने हैं.सबसे ज्यादा विकेट डेथ ओवरों में गिरे
टी20 में अब तक 68 विकेट गिरे हैं. इनमें से सबसे ज्यादा 38 विकेट डेथ ओवरों यानी 16 से 20 ओवर बीच के बीच में गिरे हैं. पहले 6 ओवर के पावर प्ले के दौरान 11 और मिडिल ओवरों में 19 विकेट गिरे हैं. टी20 में अंतिम ओवर में खूब रन भी बनते हैं. इस कारण विकेट भी अधिक गिरते हैं. यूएई में हुए पिछले सीजन की बात की जाए तो पहले 5 मैच में 72 विकेट गिरे थे.
यह भी पढ़ें: ICC ODI Rankings: बाबर आजम ने विराट कोहली की बादशाहत को किया खत्म, बने नंबर 1 बल्लेबाज
बेस्ट इकोनॉमी में टॉप-5 में तीन तेज गेंदबाज
गेंदबाजी में बेस्ट इकोनॉमी की बात करें तो टॉप-5 में तीन तेज गेंदबाज काबिज हैं. मुंबई के बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पंड्या इस मामले में टॉप पर हैं. अंतिम मैच में उन्होंने केकेआर के खिलाफ सिर्फ 13 रन दिए थे. वे अब तक दो मैच में 8 ओवरों में 4.75 की इकोनॉमी से सिर्फ 38 रन दिए और दो विकेट लिए हैं. बैंगलोर के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 5.50, दिल्ली के तेज गेंदबाज आवेश खान ने 5.75 जबकि हैदराबाद के लेग स्पिनर राशिद खान और दिल्ली के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स ने 6-6 की इकोनॉमी से रन दिए हैं.