Last Updated:
Bhopal Tourist Spots. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वैसे तो घूमने के लिए ढेर सारी जगह हैं लेकिन सर्दी का मौसम आते ही कुछ जगह स्वर्ग जैसी खूबसूरत हो जाती हैं. आज लोकल 18 आपको भोपाल की कुछ चुनिंदा जगहों के बारे में बताने जा रहा है, जहां शानदार व्यू के साथ चाय और पकोड़े का लुत्फ उठाया जा सकता है.
भोपाल के एयरपोर्ट रोड पर स्थित मनुआभान टेकरी शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है. सर्दी के मौसम में चारों ओर धुंध और कोहरा छाने के कारण यहां का नजारा और भी मनोरम हो जाता है. यहां से भोपाल शहर की खूबसूरती बड़ी आसानी से देखी जा सकती है.

देश के सबसे छोटे नेशनल पार्क में से एक वन विहार नेशनल पार्क बड़ा तालाब के किनारे बसा हुआ है. यहां सर्दी के मौसम में खास तौर पर अलग-अलग जीव-जंतुओं को धूप सेंकते हुए देखा जा सकता है. साथ ही यहां प्रकृति हरियाली की चादर ओढ़ी हुई नजर आती है.

श्यामला हिल्स पर स्थित लेक व्यू भोपाल की सबसे खास पर्यटन वाली जगह में से एक है. यहां बड़ी संख्या में पर्यटक छुट्टियों में और खासतौर पर सर्दी के मौसम में घूमने के लिए पहुंचते हैं. पर्यटक यहां लजीज व्यंजन के अलावा बड़ा तालाब में बोटिंग का भी लुत्फ उठा सकते हैं.

भदभदा रोड पर स्थित सैर सपाटा शहर के जाने-माने पर्यटन स्थलों में से एक है. यहां भी बोटिंग के अलावा खूबसूरत व्यू और एक शानदार अनुभव सर्दियों के मौसम में मिल जाता है. पर्यटक यहां बड़ी संख्या में घूमने के लिए पहुंचते हैं.

भोपाल में अलग-अलग डैम भी स्थित हैं, जहां सर्दियों के मौसम में पर्यटकों का जमावड़ा लगता है. इसी में से एक केरवा डैम अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर है. यहां से आपको स्पोर्ट्स एक्टिविटी के अलावा शानदार व्यू भी देखने मिलता है.

केरवा डैम के अलावा कलियासोत डैम भी लोगों की पसंदीदा जगह है, जहां बारिश और सर्दी के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने और मौसम का लुत्फ उठाने के लिए पहुंचते हैं. यहां से भी शहर का एक अलग नजारा देखने को मिलता है.

भोपाल से करीब 30 किलोमीटर दूर सलकनपुर-रेहटी रोड पर स्थित कोलार डैम को भोपाल शहर की लाइफलाइन कहा जाता है. यह शहर के सबसे बड़े डैम में से एक है, जहां सर्दी के मौसम में पर्यटक घूमने और जंगल की सैर करने के लिए पहुंचते हैं.