भारतीय टीम लगातार बदलाव के साथ गुजर रही है. टी20 में गंभीर की लीडरशिप वाली टीम इंडिया के आंकड़े शानदार हैं. वनडे में उतार-चढ़ाव जबकि टेस्ट में हाल बुरा है. टेस्ट में ज्यादा हार के बावजूद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और सेलेक्टर्स उस स्टार बल्लेबाज को बाहर बिठाए हैं जो अपने धमाकेदार प्रदर्शन लगातार उनका दरवाजा पीट रहा है. एक बार फिर इस स्टार बल्लेबाज ने शानदार शतकीय पारी ठोक सभी का ध्यान खींच लिया है.
इंग्लैंड में सीरीज ड्रॉ
रोहित शर्मा और विराट कोहली के संन्यास के बाद शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंग्लैंड टूर पर गई. जीत की उम्मीद थी, लेकिन भारतीय टीम को ड्रॉ के लिए भी पापड़ बेलने पड़े. ड्रॉ का जश्न जीत जैसा ही मालूम हुआ. वहीं, वो दिग्गज जो विदेशी धरती पर अपना लोहा मनवा चुके थे स्क्वाड से बाहर दिखे. हम बात कर रहे हैं अजिंक्य रहाणे की जिन्होंने रणजी ट्रॉफी में धमाकेदार सेंचुरी ठोक डाली है.
रहाणे ने दिखाई क्लास
BKC ग्राउंड पर बारिश से प्रभावित रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी मैच में छत्तीसगढ़ के खिलाफ रहाणे का जलवा देखने को मिला. उन्होंने अपनी पहली पारी में 159 रन बनाकर अपनी क्लास दिखाई, जिससे मुंबई का स्कोर आठ विकेट पर 406 रन हो गया. रहाणे, जो पहले दिन क्रैम्प्स के कारण 118 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे, दूसरे दिन अपनी पारी जारी रखने के लिए वापस आए. उन्होंने 303 गेंदों का सामना किया और 21 चौके लगाए.
ये भी पढ़ें… टेस्ट, T20I और ODI… रोहित-विराट की गैरमौजूदगी से कितना घाटा? आंकड़ों से समझें गंभीर के युग का गणित
मुंबई की लड़खड़ाई पारी
छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुंबई की पारी लड़खड़ाती नजर आई. टीम ने अपने शुरुआती बल्लेबाज जल्दी खो दिए, जिसके बाद अजिंक्य रहाणे ने जिम्मा उठाया. 159 के स्कोर पर उन्हें आदित्य सरवटे कैच आउट कर दिया. मुंबई ने 251 रन पर पांच विकेट से आगे खेलना शुरू किया था और स्टंप्स तक आकाश आनंद 148 गेंदों पर 60 रन बनाकर नाबाद थे.
रहाणे कबसे हैं बाहर?
अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल और काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन की बदौलत वर्ल्ड टेस्ट फाइनल 2023 में टीम में जगह बनाई थी. वहां उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी भी की, इसके बाद विंडीज दौरे के लिए चुना गया. लेकिन उसके बाद से अजिंक्य रहाणे लगातार नजरअंदाज होते दिख रहे हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि घरेलू प्रदर्शन के दम पर क्या रहाणे सेलेक्टर्स के रडार में आते हैं या नहीं.