राजीनामा कराने दुष्कर्म पीड़िता के पिता का अपहरण किया:आरोपी ने पीटा, किडनी निकालने की धमकी दी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

राजीनामा कराने दुष्कर्म पीड़िता के पिता का अपहरण किया:आरोपी ने पीटा, किडनी निकालने की धमकी दी, पुलिस ने किया गिरफ्तार




मऊगंज जिले के पटेहरा गांव में हुए एक सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया है। यह अपहरण किसी और ने नहीं, बल्कि दुष्कर्म के मामले के मुख्य आरोपी ने ही करवाया था। उसका मकसद था, पीड़िता के परिवार पर समझौते (राजीनामा) का दबाव बनाना। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि दो दिन पहले देर रात पुलिस को पटेहरा गांव से एक व्यक्ति के अपहरण की खबर मिली। गांव वालों से पूछताछ में पता चला कि दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में फंसे आरोपी पंकज सोनी और उसके साथियों ने पीड़िता के पिता को जबरदस्ती उठा लिया है। गांव वालों का गुस्सा फूटा इस घटना से गांव वालों में गुस्सा फैल गया और उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें काबू करने के लिए आईजी स्तर से पुलिस का अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से गांव वालों को समझाकर मामला शांत किया। अपहृत व्यक्ति ने क्या बताया? अपहरण किए गए व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह गांव में आशुतोष पटेल की दुकान पर काम कर रहे थे। शाम करीब 7 बजे पंकज सोनी अपने तीन-चार साथियों के साथ एक बोलेरो गाड़ी से आया और उन्हें पकड़कर गाड़ी में डाल दिया। पीड़ित ने बताया कि गाड़ी में आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। उन्होंने गला दबाने, किडनी निकाल लेने की धमकी दी और कट्टा भी दिखाया। बाद में आरोपी उन्हें पन्नी सलैया गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। राजीनामा के लिए दबाव बनाया पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पंकज सोनी पर अगस्त महीने में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज हुआ था। तभी से वह पीड़िता के परिवार पर केस वापस लेने या समझौता करने का दबाव बना रहा था। जब परिवार नहीं माना, तो उसने साजिश रचकर पिता का अपहरण कर लिया। मुख्य आरोपी गिरफ्तार एएसपी ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी पंकज सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी दो-तीन आरोपियों की तलाश में टीमें लगी हैं और उन्हें भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।



Source link