खरगोन में मंगलवार रात करीब 8:30 बजे सनावद रोड पर एक निजी यात्री बस में अचानक आग लग गई। यह घटना पुलिस पेट्रोल पंप के पास हुई। बस खाली होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
.
आग लगने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। नगरपालिका के दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। हालांकि, बस को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्रारंभिक आशंका है कि बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस पेट्रोल पंप सहित शहर के अन्य पेट्रोल पंपों के पास भी निजी यात्री बसें खड़ी रहती हैं। स्थानीय लोगों ने पहले भी पुलिस और परिवहन विभाग को इन बसों को हटाने के लिए मौखिक सूचना दी थी, लेकिन इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।