.
बाइक से बाजार जा रहे जिला खेल प्रशिक्षक और उनकी पत्नी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में ट्रिपल आईटीएम संस्थान के पास हुई, जहां पीछे से आ रहे एक लोडिंग वाहन ने उनकी बाइक को तेज रफ्तार और लापरवाही से टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक लोडिंग वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मुरैना जिले के माता बसैया अजनौधा निवासी 34 वर्षीय राहुल गुर्जर वर्तमान में जिला खेल प्रशिक्षक ग्रेड-1 के पद पर पदस्थ हैं और खेल गांव परिसर में रहते हैं। मंगलवार को वह अपनी पत्नी शिवानी गुर्जर के साथ खरीदारी के लिए बाइक से गोला का मंदिर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ट्रिपल आईटीएम संस्थान के पास पुलिया पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही लाल रंग की तीन पहिया लोडिंग, जिसमें सीमेंट भरा हुआ था, ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दंपती बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। दोनों के चेहरे और हाथों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद राहगीरों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। घायल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि फरार लोडिंग वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।