Last Updated:
IRCTC Special Tour Package: मध्य प्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए रेलवे एक बड़ी सौगात लेकर आया है. इसमें जगन्नाथ पुरी गंगासागर से लेकर अयोध्या श्री राम मंदिर तक अलग-अलग तीर्थ स्थानों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. भारत गौरव पर्यटक ट्रेन तीर्थ यात्रियों को अलग-अलग तीर्थ स्थानों के दर्शन करवाएगी. लोकल 18 के माध्यम से जानिए सब कुछ.
मध्य प्रदेश की आर्थिक नगरी इंदौर से इस तीर्थ यात्रा की शुरुआत होगी, जिसमें यात्री देश भर के अलग-अलग तीर्थ स्थानों के दर्शन कर सकेंगे. इसमें जगन्नाथपुरी, गंगा सागर, बाबा बैद्यनाथ और काशी विश्वनाथ जैसे तीर्थ स्थान भी शामिल है.

इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRCTC) द्वारा इन तीर्थ स्थानों के एक साथ दर्शन के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाई जाएगी. 10 दिन और 11 रात के इस टूर में यात्रियों को जगन्नाथपुरी और गंगा सागर के साथ 2 प्रमुख ज्योतिर्लिंगों की यात्रा कराई जाएगी.

बता दें, भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 4 जनवरी को इंदौर रेलवे स्टेशन से रवाना होकर उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, संत हिरदाराम नगर, बीना, सागर, दमोह, कटनी एवं मुरवारा स्टेशनों से होते हुए गुजरेगी.

10 रातें 11 दिनों की इस यात्रा में पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी एवं अयोध्या के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी करवाया जाएगा. स्लीपर में यात्रा करने के लिए यात्रियों को 19,900 रुपये प्रति व्यक्ति चुकाना होगा. वहीं थर्ड एसी के लिए 32,450 रुपये और सेकेंड एसी में यात्रा करने के लिए 42,750 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च होगा.

आईआरसीटीसी के इस टूर पैकेज में भारत गौरव ट्रेन के विशेष एलएचबी रैक में आरामदायक रेल यात्रा, ऑन-बोर्ड और ऑफ बोर्ड ब्रेक फास्ट, लंच और डिनर शामिल रहेगा. साथ ही सड़क परिवहन और गुणवत्तायुक्त बसों में दर्शनीय स्थलों की यात्रा कर सकेंगे.

4 जनवरी को इंदौर से ट्रेन प्रस्थान करेगी जो कि उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, भोपाल के संत हिरदाराम नगर, बीना और सागर पहुंचेगी. अगले दिन 5 जनवरी को दमोह, कटनी और मुडवारा के बाद अगले दिन 6 जनवरी को कोलकाता रेलवे स्टेशन से सड़क मार्ग द्वारा गंगा सागर तक की यात्रा होगी. इसके बाद 7 जनवरी को कोलकाता से निकलेगी.

अगले दिन 8 जनवरी को मालतीपटपुर रेलवे स्टेशन पहुंच सड़क मार्ग से जगन्नाथ मंदिर पुरी के दर्शन करवाएगी. अगले दिन 9 जनवरी को रेल यात्रा के बाद 10 जनवरी को मधुपुर रेलवे स्टेशन पहुंच सड़क मार्ग से बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेगी. यहां से देर शाम बनारस के लिए प्रस्थान करेगी.

11 जनवरी को काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के बाद रात में गंगा आरती के दर्शन और रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन 12 जनवरी को बनारस से अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी. दिन में अयोध्या राम मंदिर के दर्शन कर रात्रि में इंदौर रेलवे स्टेशन के लिए प्रस्थान करेगी. 13 और 14 जनवरी को ट्रेन यात्रा के बाद इंदौर पहुंचेगी.