पुलिस महानिरीक्षक (IGP) अनुराग सिंह मंगलवार को वार्षिक निरीक्षण के लिए धार पहुंचे। पुलिस लाइन पहुंचने पर एसपी मयंक अवस्थी और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण की शुरुआत परेड ग्राउंड से हुई, जहां आईजीपी ने पुलिस बल की परेड की सलामी ली। ब
.
वाहनों के निरीक्षण के दौरान आईजीपी सिंह ने असंतोष जताया। उन्होंने पाया कि कई वाहनों के शीशों पर लगी जालियों पर जंग लगी थी और लंबे समय से उन पर पेंट नहीं किया गया था।
तीन वाहनों की लॉग बुक भी अधूरी पाई गईं। एक वाहन चालक द्वारा टूलकिट के सामान को ग्रीन कपड़े के बजाय जमीन पर रखने पर आईजीपी ने नाराजगी जाहिर की और मौके पर एमटी शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु पंवार को फटकार लगाई। उन्होंने फील्ड में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वाहनों की समय पर मरम्मत और देखभाल सुनिश्चित की जाए।
दो महीनों में चौकियों तक टैबलेट पहुंचेंगे निरीक्षण के तहत मांडू रोड स्थित सामुदायिक भवन में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। यहां IGP सिंह ने पुलिसकर्मियों से उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान आरआई पुरषोत्तम विष्णोई ने थानों के साथ-साथ चौकियों पर भी सीसीटीएनएस सॉफ्टवेयर और टैबलेट उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिस पर आईजीपी ने आश्वस्त किया कि एक से दो महीने में चौकियों तक टैबलेट पहुंच जाएंगे।
धामनोद क्षेत्र में गणेश घाट ब्लैक स्पॉट पर लगातार हो रहे हादसों का जिक्र करते हुए थाना प्रभारी ने वहां पुलिस चौकी में अतिरिक्त बल की मांग की, जिस पर एसपी अवस्थी ने जल्द बल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। एक महिला आरक्षक ने जर्जर सड़क दुरुस्ती की मांग रखी, जिस पर एसपी ने स्थानीय पंचायत स्तर पर पहल करने का आश्वासन दिया।
कहा- तनाव से दूर रहना बेहद जरूरी पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए IGP अनुराग सिंह ने कहा कि तनाव से दूर रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि “तनावमुक्त रहेंगे तो आप अपने काम पर बेहतर ध्यान दे पाएंगे। नौकरी और परिवार के बीच संतुलन बनाए रखें।” उन्होंने सलाह दी कि वरिष्ठ अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से संवाद बढ़ाएं और उनकी समस्याएं सुनें, इससे कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल बनता है।
IGP सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने व्यवहार में बदलाव लाएं, जनता से संवाद करते समय यह झलकना चाहिए कि वे उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुन रहे हैं। इससे न केवल विभागीय संबंध सुधरेंगे बल्कि जनता का विश्वास भी बढ़ेगा।
सैनिक सम्मेलन के बाद आईजीपी सिंह ने रक्षित निरीक्षक कार्यालय, लर्निंग सेंटर और पुलिस हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। लर्निंग सेंटर में उन्होंने पुलिसकर्मियों के बच्चों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। इसके बाद वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न शाखाओं की फाइलें और रजिस्टर जांचे तथा कर्मचारियों से सवाल-जवाब कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
देखिए तस्वीरें…


