Last Updated:
Shafali Verma: शेफाली वर्मा को महिला विश्व कप सेमीफाइनल के लिए अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है. शेफाली को चोटिल प्रतिका रावल की जगह भारतीय महिला क्रिकेट टीम में जगह मिली है. इससे पहले वह न तो विश्व कप की मेन टीम और न ही रिजर्व टीम में चुनी गई थी.
शेफाली वर्मा (Shafali Verma) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में उतारा जा सकता है. चोटिल ओपनर प्रतिका रावल की जगह टीम में शामिल शेफाली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ स्मृति मंधाना के साथ सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतर सकती हैं.दाएं हाथ की विस्फोटक बल्लेबाज लंबे समय से टीम से दूर थीं लेकिन प्रतिका के अचानक चोट लगने से उन्हें विश्व कप स्क्वॉड में शामिल किया गया.

भारतीय टीम में चोटिल प्रतिका रावल की जगह शामिल की गई शेफाली वर्मा ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला एकदिवसीय विश्व कप सेमीफाइनल से पहले दूधिया रोशनी में टीम के अभ्यास सत्र में पूरी मेहनत की. शेफाली को सोमवार को टीम में शामिल किया गया था, जब सलामी बल्लेबाज प्रतिका बांग्लादेश के खिलाफ लीग चरण के अंतिम मैच के दौरान घुटने और टखने में चोट लगने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी.

शेफाली वर्मा ने नेट गेंदबाजों के बाद भारत की चार प्रमुख गेंदबाजों दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर और राधा यादव का भी सामना किया. बल्लेबाजी अभ्यास के बाद उन्होंने गेंदबाजी अभ्यास भी किया. भारत के अभ्यास सत्र में सबसे ज्यादा सुर्खियां स्मृति मंधाना ने बटोरीं. मंधाना ने धाराप्रवाह बल्लेबाजी अभ्यास के दौरान आक्रामक और रक्षात्मक शॉट पूरे आत्मविश्वास के साथ खेले.

हरलीन देओल, कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स ने भी बल्लेबाजी का अभ्यास किया. भारत के लिए सकारात्मक बात यह रही कि ऋचा घोष ने नेट गेंदबाजो (स्पिन और तेज) के खिलाफ अभ्यास शुरू किया और फिर भारतीय टीम के मुख्य गेंदबाजों का सामना किया। वह इस दौरान सहज दिख रही थी. फिटनेस को लेकर चिंताओं के कारण उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ लीग चरण के आखिरी मैच से आराम दिया गया था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बल्लेबाजी में शेफाली से टीम इंडिया को तेज शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी.