अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र में बुधवार को एक प्रधान आरक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को सूचना मिलने के बाद शव को फंदे से उतारा गया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
.
सुंदरेश मरावी ने बताया कि मृतक प्रधान आरक्षक अमृतलाल भूमिया हैं। वे वर्तमान में रामनगर थाने में पदस्थ थे, लेकिन उनका परिवार चचाई में रहता था क्योंकि वे पहले इसी थाने में कार्यरत थे।
घटना के दिन, अमृतलाल ने अपनी पत्नी से बाहर जाने की बात कही और घर से लगभग 100 मीटर दूर जंगल में जाकर फांसी लगा ली। आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। यह घटना शाम की बताई जा रही है।
प्रधान आरक्षक पांच सालों से चचाई थाने में पदस्थ थे
पुलिस के अनुसार, अमृतलाल भूमिया पिछले पांच सालों से चचाई थाने में पदस्थ थे। हाल ही में उनका तबादला रामनगर थाने में किया गया था। बताया गया है कि अमृतलाल 17 अक्टूबर को शहीद दिवस परेड के लिए अनूपपुर लाइन आए थे, जिसके बाद से वे रामनगर थाने में अपनी नई पोस्टिंग पर नहीं गए थे।
पोस्टमॉर्टम के बाद, पुलिस ने प्रधान आरक्षक अमृतलाल भूमिया को परेड की सलामी दी। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम कटनी बड़वारा भेज दिया गया।