सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को धराशायी करने का टीम इंडिया को मिला फॉर्मूला, कौन होगा ट्रंप कार्ड?

सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को धराशायी करने का टीम इंडिया को मिला फॉर्मूला, कौन होगा ट्रंप कार्ड?


भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला वर्ल्ड कप 2025 का सेमीफाइनल मुकाबला 30 अक्टूबर को खेला जाएगा. इसका काउंटडाउन शुरू हो चुका है. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया की नजरें घर में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने में पहुंचने पर होंगी, लेकिन उसके सामने 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की कड़ी चुनौती है, जो टूर्नामेंट में भी शानदार फॉर्म में है. इन फॉर्म प्रतिका रावल के चोटिल होकर बाहर होने से टीम की टेंशन जरूर बढ़ी है, लेकिन इस बड़े मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर भारत के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकती हैं. 

कौन होगा ट्रंप कार्ड?

मेजबान भारत नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में महिला वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने के लिए तैयार है. पूरे देश को उम्मीद है कि कप्तान हरमनप्रीत कौर 8 साल पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई उनकी यादगार 171 रन की पारी जैसा कोई ‘जादू’ फिर से दिखाएंगी. हरमन इस मैच में भारत के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकती हैं. फाइनल में जगह बनाने और इतिहास रचने के लिए भारत को 7 बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुछ खास करना होगा, लेकिन उनकी चुनौती प्रतिका रावल के चोट के कारण बाहर होने से और मुश्किल हो गई. रावल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाकर भारत को टॉप-4 में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी.

Add Zee News as a Preferred Source


शेफाली या कोई और… प्रतिका की जगह कौन?

इस बड़े मुकाबले से एक दिन पहले वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इयान बिशप ने कहा कि रावल की कमी को पूरा करने के लिए भारत को ‘नेक्स्ट-प्लेयर-अप’ (जो खिलाड़ी तैयार हो, उसे मौका दो) की सोच अपनानी होगी और अपना विश्वास बनाए रखना होगा. बिशप ने कहा, ‘प्रतिका का बाहर होना एक बड़ा झटका है, क्योंकि उन्होंने पिछले मैच में शतक बनाकर बेहतरीन फॉर्म दिखाई थी. लेकिन टीम के अंदर यह सोच होनी चाहिए कि जो भी खिलाड़ी अगला है, उसे मौका मिलेगा. उन्होंने कहा, ‘किसी को आगे बढ़कर असर डालना होगा. यह वर्ल्ड कप सेमीफाइनल है, सब कुछ दांव पर लगा है.’

बिशप का मानना है कि देर से टीम में शामिल हुईं शेफाली वर्मा भी फर्क ला सकती हैं. बशर्ते वह बिना दबाव के और साफ सोच के साथ खेलें. शेफाली के लिए बिशप ने कहा, ‘शेफाली को इसे एक ऐसा मौका समझना चाहिए जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी. यह फाइनल के बाद सबसे बड़ा स्टेज है और वह दबाव के बारे में नहीं सोच सकतीं. उन्हें सिर्फ यही सोचना है कि मेरे पास देश के लिए कुछ खास करने का मौका है. अगर वह शांत रहती हैं और अपनी तैयारी पर भरोसा करती हैं, तो वह उस कमी को पूरा कर सकती हैं.’

उलटफेर कर सकता है भारत

बिशप के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के मजबूत खेल को रोकने का भारत का सबसे अच्छा मौका यही है कि वे शांत रहें और एक ऐसा गेंदबाजी अटैक उतारें जो उनकी लंबी बल्लेबाजी लाइनअप को चुनौती दे सके. उन्होंने माना, ‘ऑस्ट्रेलिया जितनी अच्छी टीम के खिलाफ जीतना आसान नहीं है. लेकिन वे अजेय नहीं हैं. भारत को यह सोचना चाहिए कि यह सिर्फ एक और क्रिकेट मैच है, जिंदगी और मौत का सवाल नहीं. अगर वे आराम से लेकिन फोकस होकर खेलेंगे, तभी उलटफेर हो सकता है.’

इस फॉर्मूले से भारत को मिलेगी जीत?

बिशप ने भारतीय टीम को 6 स्पेशलिस्ट गेंदबाजों के साथ उतरने की सलाह दी ताकि ऑस्ट्रेलिया की गहरी बल्लेबाजी का सामना किया जा सके. टीम कॉम्बिनेशन को लेकर बिशप ने कहा, ‘हरलीन देओल को बाहर करना मुश्किल है. अगर रिचा घोष फिट हैं, तो उन्हें वापस आना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि राधा यादव ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की थी, इसलिए उन्हें भी बाहर नहीं किया जा सकता.’ बिशप ने जोर देकर कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ आप पार्ट-टाइमर्स पर निर्भर नहीं रह सकते, सेमीफाइनल स्पेशलिस्ट खिलाड़ी ही जीतते हैं.’



Source link