पन्ना जिले के शाहनगर जनपद के बोरी के रैगवां गांव में गुरुवार को एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। करीब 60 वर्षीय उत्तम आदिवासी पर यह हमला उस समय हुआ जब वह अपने घर के पास थे। किसान ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
.
उत्तम आदिवासी ने बताया कि वह अपने घर की बारी में पेशाब करने गए थे। तभी झाड़ियों में छिपे एक तेंदुए ने उन पर अचानक झपट्टा मार दिया। हमले के दौरान वह घर के अंदर की ओर भागे और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
तेंदुए के हमले में घायल हुआ ग्रामीण।
घटना की सूचना मिलते ही बीट प्रभारी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन कर्मियों ने घायल उत्तम आदिवासी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। उत्तम के शरीर पर तेंदुए के पंजों के निशान पाए गए हैं, हालांकि उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वन विभाग ने आसपास के इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है। विभाग ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की अपील की है।