रिपोर्ट- अजहर खान, सिवनी. हाल ही में एक व्यक्ति के बाघ के साथ इत्मीनान से खड़े होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. शख्स नशे की हालत में बताया गया और वीडियो में वह बाघ के मुंह पर शराब की बोतल लगाता दिखा. इस वीडियो को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले का बताया गया. पड़ताल में यह वीडियो भ्रामक निकला. पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने इस वीडियो का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि यह घटना पेंच क्षेत्र की नहीं है. यह वायरल वीडियो AI तकनीक से बनाए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है. अज्ञात व्यक्ति द्वारा असंबंधित और झूठे दावे के साथ यह वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाया गया. पेंच प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटना न पहले और न ही हाल में पेंच टाइगर रिजर्व से जुड़े क्षेत्रों में हुई है. प्रबंधन ने इस वीडियो पर विश्वास करने से बचने और इसे शेयर न करने की अपील की है.