बिरसा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रामकुमार यादव (35) के पास से 113 लीटर अंग्रेजी, देशी और कच्ची शराब बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिरसा से शराब लाकर बेचा करता था।
.
पुलिस को सूचना मिली थी कि रामकुमार यादव अपने दो साथियों के साथ भारी मात्रा में अवैध शराब बेचने के लिए ला रहा है। बिरसा निरीक्षक रेवलसिंह बरडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कनिया स्थित आरोपी के घर पर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी रामकुमार को मोटरसाइकिल पर शराब लाते हुए पकड़ा। हालांकि, उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी रेवलसिंह बरडे ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 113 लीटर शराब के साथ शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (सीजी 09 जेए 9920) भी जब्त की गई है। जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत एक लाख 15 हजार रुपये है।
आरोपी रामकुमार यादव के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस फरार हुए दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवलाल परते और आरक्षक गजेंद्र यादव की अहम भूमिका रही।