ऑस्ट्रेलिया तो झांकी है, पिक्चर अभी बाकी है! जेमिमा ने भर ली ट्रॉफी उठाने की हुंकार, बोलीं – सपना अभी…

ऑस्ट्रेलिया तो झांकी है, पिक्चर अभी बाकी है! जेमिमा ने भर ली ट्रॉफी उठाने की हुंकार, बोलीं – सपना अभी…


भारतीय महिला टीम ने इतिहास रचते हुए ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में रौंदा और फाइनल में जगह बनाई. भारत ने 339 रन के टारगेट को हासिल किया, जो महिला वनडे क्रिकेट में सबसे बड़े सफल चेज का वर्ल्ड रिकॉर्ड है. जेमिमा रोड्रिग्स इस जीत की सूत्रधार रहीं, जिन्होंने 127 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली. सेमीफाइनल जीतने के बाद इमोशनल दिखीं जेमिमा ने कहा कि सपना अभी तक पूरी तरह से साकार नहीं हुआ है.

जेमिमा ने लूटी महफिल

डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई. भारतीय टीम की जीत की नायिका जेमिमा रोड्रिग्स रहीं. रोड्रिग्स ने अपनी शतकीय पारी से भारत के फाइनल में पहुंचने की यादगार कहानी लिखी. रोड्रिग्स को उनकी नाबाद और यादगार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

Add Zee News as a Preferred Source


‘सपना अभी साकार नहीं…’

मैच का श्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने के बाद जेमिमा ने कहा, ‘सबसे पहले, मैं यीशु का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं, क्योंकि मैं यह सब अकेले नहीं कर सकती थी. मुझे पता है कि उन्होंने आज मुझे इस मुश्किल दौर से निकाला. मैं अपनी मां, पिताजी, कोच और हर उस व्यक्ति का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं, जिन्होंने इस दौरान मुझ पर विश्वास किया. पिछले चार महीने वाकई बहुत मुश्किल रहे, लेकिन यह एक सपने जैसा लग रहा है और अभी तक पूरी तरह से साकार नहीं हुआ है.’ भारत का सामना 2 नवंबर को साउथ अफ्रीका से है. टीम इंडिया की नजरें पहली बार वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाने पर होंगी.

भारत ने ऐसे रचा इतिहास

भारत को जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया ने 339 रन का लक्ष्य दिया था. भारतीय टीम 59 पर मंधाना और शेफाली का विकेट गंवाकर मुश्किल में थी. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं जेमिमा रोड्रिग्स ने 134 गेंद पर 14 चौकों की मदद से नाबाद 127 रन की पारी खेली और टीम की जीत में यादगार भूमिका निभाई. रोड्रिग्स को कप्तान हरमनप्रीत कौर का भी अच्छा साथ मिला. हरमन ने 88 गेंद पर 89 रन की पारी खेली और तीसरे विकेट के लिए रोड्रिग्स के साथ 167 रन की मैच विनिंग साझेदारी की. दीप्ति शर्मा ने 24, ऋचा घोष ने 26 और अमनजोत कौर ने नाबाद 15 रन बनाए. शेफाली 10 और मंधाना 24 रन बनाकर आउट हुई थीं. भारत ने 48.3 ओवर में 5 विकेट पर 341 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीता. इससे पहले महिला वनडे क्रिकेट में 331 सबसे बड़ा हासिल किए जाने वाला लक्ष्य था. 339 रन का लक्ष्य हासिल कर भारतीय टीम ने नया रिकॉर्ड बना दिया है.



Source link