खरगोन के जामली में देव प्रबोधिनी एकादशी पर शालिग्राम और तुलसी का विवाह महोत्सव हुआ। यह आयोजन कुशवाह समाज के सान्निध्य में हुआ।
.
महोत्सव के तहत तुलसी की हल्दी-मेहंदी रस्म निभाई गई। रविवार को मंडप प्रतिष्ठा, मामेरा और बारात निकाली गई। गोधूलि बेला में भगवान शालिग्राम और तुलसी मैया का विवाह हुआ। पंडित पंकज तारे ने विवाह की लग्न विधि कराई। इसके बाद समाज का भंडारा भी आयोजित किया गया।
दो दिवसीय इस उत्सव में पहले दिन तुलसी को मेहंदी और हल्दी लगाई गई। वधू पक्ष से कैलाश कुशवाह और वर पक्ष से धर्मेंद्र कुशवाह ने इन रस्मों में भागीदारी की। उन्होंने तुलसी को सजाकर शालिग्राम के साथ बैंडबाजे पर बग्गी में विराजित कर बाना निकाला।
समाजसेवी घनश्याम कुशवाह ने बताया कि विवाह उत्सव खलमाटी पूजन के साथ शुरू हुआ था। क्षत्रिय कुशवाह समाज युवा और महिला मंडल ने भी इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता की।
पूर्व मंडल अध्यक्ष अनीता कुशवाह, अन्नपूर्णा कुशवाह, प्रमिला कुशवाह, कमला कुशवाह, कला कुशवाह और रामकन्या कुशवाह सहित समाज की मातृ शक्ति ने भी इस महोत्सव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।