Last Updated:
Karun Nair double hundred: करुण नायर ने टीम इंडिया से बाहर होने के बाद डबल सेंचुरी ठोक दी है. नायर को इंग्लैंड दौरे के बाद टीम इंडिया से ड्रॉप कर दिया गया. टीम से ड्रॉप होने के बाद करुण ने रणजी ट्रॉफी का रुख किया जहां वह रनों का अंबार लगा रहे हैं. करुण ने सही समय पर रन बनाए हैं. क्योंकि भारत को अब दक्षिण अफ्रीका से अपने घर में टेस्ट सीरीज खेलनी है. इसके लिए टीम का चयन कुछ दिन बाद होगा.
नई दिल्ली. करुण नायर रणजी ट्रॉफी में लगातार रनों का पहाड़ खड़ा कर रहे हैं. टीम इंडिया से बाहर होने के बाद करुण ने रणजी ट्रॉफी का रुख किया है जहां वह शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. दांए हाथ के इस अनुभवी बल्लेबाज ने सही समय पर दोहरा शतक ठोका है. उन्होंने अजीत अगरकर एंड कंपनी को सही समय पर याद दिलाया. क्योंकि भारतीय टीम कुछ ही दिनों बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घर में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी. इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन कुछ ही दिनों में होने वाला है. करुण उससे पहले ढेरों रन बनाकर चयनकर्ताओं पर दबाव डालना चाहते हैं.
करुण नायर (233 रन) और रविचंद्रन स्मरण (नाबाद 220 रन) के दोहरे शतक की बदौलत कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच के दूसरे दिन केरल के खिलाफ पहली पारी पांच विकेट पर 586 रन पर घोषित की. कर्नाटक के तेज गेंदबाज विद्वथ कावेरप्पा और वी विजयकुमार के नई गेंद से अच्छी गेंदबाजी से स्टंप तक केरल का स्कोर तीन विकेट पर 21 रन कर दबदबा बना लिया. मेजबान टीम 565 रन से पीछे है. करुण (389 गेंद, 25 चौके, दो छक्के) और स्मरण (390 गेंद, 16 चौके, तीन छक्के) ने चौथे विकेट के लिए 343 रन की बड़ी साझेदारी की.
करुण नायर ने ठोकी डबल सेंचुरी.
करुण ने सुबह 142 रन से आगे खेलना शुरू किया
इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम से बाहर किए जाने वाले करुण ने सुबह 142 रन से आगे खेलना शुरू किया. उन्होंने कुछ दिन पहले शिमोगा में गोवा के खिलाफ नाबाद 174 रन बनाकर शतीय पारी खेली थी. उसके बाद यह उनका लगातार दूसरा सैकड़ा है. स्मरण ने दिन की शुरुआत 88 रन से की और सत्र का अपना पहला शतक जड़ने के बाद इसे दोहरे शतक में बदल दिया. यह 11 प्रथम श्रेणी मैच में उनका दूसरा दोहरा शतक है.
कर्नाटक को जीत की जरूरत
पहले दो दौर में खराब प्रदर्शन के बाद कर्नाटक और केरल दोनों को अंक तालिका में ऊपर पहुंचने के लिए जीत की जरूरत है. नासिक में बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण दिन का खेल सिर्फ 12 ओवर तक ही सीमित रहा. सौराष्ट्र ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 61 रन बनाए थे. शनिवार को पहले दिन का पूरा खेल बारिश के कारण धुल गया था.
हरप्रीत सिंह भाटिया ने जड़ा शतक
वहीं इंदौर में एक अन्य मैच में मध्य प्रदेश ने चंडीगढ़ के खिलाफ हरप्रीत सिंह भाटिया (116 रन) के शतक और वेंकटेश अय्यर (65 रन) के अर्धशतक से स्टंप तक पहली पारी में आठ विकेट पर 384 रन बना लिए थे. चंडीगढ़ के लिए जगजीत सिंह संधू ने 69 रन देकर पांच विकेट झटके. पंजाब की टीम न्यू चंडीगढ़ में पहली पारी में 325 रन पर सिमट गई जिसके जवाब में गोवा ने बिना विकेट गंवाए 92 रन बना लिए. पंजाब के लिए उदय सहारन ने 126 रन और सलिल अरोड़ा ने 63 रन की पारी खेली.
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से… और पढ़ें