बुरहानपुर के नेपाननगर स्थित एमजी नगर में रविवार को एक घर से लगभग 12 फीट लंबा अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सर्पमित्र खेम सिंह महाराज ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।
.
अजगर के निकलने की खबर फैलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय निवासियों ने तत्काल सर्पमित्र खेम सिंह महाराज को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही खेम सिंह महाराज मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद विशाल अजगर को सुरक्षित पकड़ा और उसे चांदनी के आगे स्थित जंगल में छोड़ दिया।
खेम सिंह महाराज अब तक सैकड़ों सांपों, अजगरों और अन्य जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें जंगल में छोड़ चुके हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सांपों के जीवन की रक्षा करना है।
महाराज ने बताया कि पहले लोग सांप या अजगर निकलने पर उन्हें मार देते थे, लेकिन अब लोगों में जागरूकता आ रही है। वे अब सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कराने के लिए सर्पमित्रों को सूचित करते हैं।
