आचार्य शिवकांत,
Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है. कांग्रेस नेता जीतू पटवारी द्वारा महाकाल दर्शन और राज्य में हो रहे उत्सवों को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कड़ा पलटवार किया है. साथ ही राहुल गांधी के मध्य प्रदेश आगमन और कांग्रेस प्रशिक्षण कार्यक्रम पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी है. विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि जीतू पटवारी को यह समझ नहीं आ रहा कि मध्य प्रदेश उत्सव क्यों मना रहा है. पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है, हर जिले में कार्यक्रम हो रहे हैं, लोग बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं, और प्रदेश में गर्व का वातावरण है। लेकिन कांग्रेस के कुछ नेता इस उत्साह और आनंद को भी पचा नहीं पा रहे हैं.
शर्मा ने कहा कि जीतू पटवारी को यह सताने लगा है कि प्रदेश में हर तरफ उत्सव क्यों हो रहा है, ड्रोन क्यों उड़ रहे हैं, और लाखों लोग क्यों भाग ले रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यही हेलीकॉप्टर अगर हज यात्रा पर जाता तो जीतू पटवारी उस पर फूल बरसाते, लेकिन जब बात महाकाल और सनातन परंपरा की आती है तो कांग्रेस के नेताओं को खर्च और दिखावा दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि मरती हुई कांग्रेस अब भी महाकाल की महिमा को नहीं समझ पा रही है. कांग्रेस के नेता जब हज यात्रा की बात करते हैं तो उन्हें आनंद आता है, लेकिन जब महाकाल की यात्रा की बात आती है तो उन्हें खर्च दिखाई देता है. यही कांग्रेस की गलत दृष्टि है.
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की इसी कुदृष्टि की वजह से सनातनी और देशभक्त जनता कांग्रेस को राजनीतिक कब्रिस्तान तक पहुंचा देगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को यह समझना चाहिए कि यह देश सनातन परंपराओं और आध्यात्मिकता की भूमि है, यहां भगवान महाकाल की महिमा अनंत है, लेकिन कांग्रेस लगातार इस आस्था का अपमान करती रही है. उन्होंने कहा कि जो लोग भगवान महाकाल की यात्रा पर सवाल उठाते हैं, वे असल में इस देश की संस्कृति और परंपरा पर सवाल उठा रहे हैं. कांग्रेस का यही रवैया उसे जनता से दूर कर रहा है. रामेश्वर शर्मा ने तंज करते हुए कहा कि जीतू पटवारी और उनके जैसे नेता केवल राजनीति के लिए बयान देते हैं, उन्हें जनता के भावनाओं से कोई लेना-देना नहीं। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस अब न जनता की पार्टी रही है और न जनभावनाओं की। कांग्रेस केवल बयानबाजी की पार्टी बनकर रह गई है.
राहुल गांधी के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर कटाक्ष
रामेश्वर शर्मा ने राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे और कांग्रेस प्रशिक्षण कार्यक्रम पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेताओं को प्रशिक्षण देने आ रहे हैं, जबकि खुद उनकी पार्टी की हालत पूरे देश में खराब है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी आएंगे और आकर अपने ही वरिष्ठ नेताओं को सताएंगे, उनका अपमान करेंगे. जिस तरह वे हर बार अपने बयानों से कांग्रेस के अनुभवी नेताओं को नीचा दिखाते हैं, वैसा ही नज़ारा फिर देखने को मिलेगा.
भाजपा विधायक ने व्यंग्य करते हुए कहा कि राहुल गांधी बिहार का चुनाव छोड़कर मध्य प्रदेश में लुटी-पिटी कांग्रेस को प्रशिक्षण देने आ रहे हैं, इससे साफ पता चलता है कि कांग्रेस की स्थिति कितनी दयनीय हो गई है. उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस बिहार में ठीक से चुनाव भी नहीं लड़ पा रही, वह मध्य प्रदेश में आकर किसी को क्या प्रशिक्षण देगी? बिहार के चुनाव में कांग्रेस की कोई मांग नहीं है. वहां लालू यादव और तेजस्वी यादव भी कांग्रेस से दूरी बनाए हुए हैं. ऐसे में राहुल गांधी बिहार की जनता को धोखा देकर मध्य प्रदेश आ रहे हैं.
रामेश्वर शर्मा ने आगे कहा कि कांग्रेस चाहे जितने प्रशिक्षण शिविर लगा ले, लेकिन जनता सब समझ रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रशिक्षण तो दे सकती है, लेकिन नेतृत्व और विश्वास नहीं दे सकती है. राहुल गांधी का जो हाल है, वही हाल मध्य प्रदेश कांग्रेस का भी है. दोनों के हाल इतने बेहाल हैं कि जनता अब उन पर हंस रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरा ढांचा अब केवल दिखावे पर टिका हुआ है. पार्टी में संगठन की कमी है, नेतृत्व कमजोर है और विचारधारा पूरी तरह बिखर चुकी है. राहुल गांधी जिस पार्टी को चलाने की कोशिश कर रहे हैं, उसी पार्टी के अंदर उनके खिलाफ असंतोष है. रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता जनता से जुड़े मुद्दों पर बात करने की बजाय केवल मोदी सरकार की आलोचना में समय बर्बाद करते हैं. यही कारण है कि जनता ने उन्हें बार-बार नकार दिया है.
कांग्रेस को BJP विधायक का सीधा संदेश
विधायक शर्मा ने कहा कि भाजपा देश की संस्कृति, धर्म और परंपराओं का सम्मान करती है, जबकि कांग्रेस हर बार इन पर सवाल उठाती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब इस देश की भावनाओं को समझने में पूरी तरह असफल हो चुकी है. जिस दिन वह महाकाल की महिमा और सनातन की आत्मा को समझ लेगी, उसी दिन उसकी राजनीतिक वापसी संभव होगी, लेकिन ऐसा होना अब मुश्किल है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश आगे बढ़ रहा है. प्रदेश के लोग उत्सव मना रहे हैं, विकास कार्यों का आनंद ले रहे हैं और धार्मिक आस्था से जुड़ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इस खुशी में भी राजनीति खोज रही है. शर्मा ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं बल्कि सेवा है, जबकि कांग्रेस का मकसद केवल सत्ता पाना है. यही फर्क दोनों पार्टियों की सोच में है. आखिर में उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस कभी देश की सबसे बड़ी पार्टी थी, आज वही अपने ही नेताओं के कारण जनता के बीच हंसी का पात्र बन गई है. राहुल गांधी और जीतू पटवारी जैसे नेता कांग्रेस के लिए विनाशक साबित हो रहे हैं. अब जनता कांग्रेस को गंभीरता से नहीं लेती, और यही उसकी सबसे बड़ी हार है.