Bihar vs Meghalaya Ranji Match: राजधानी पटना के मोईनुल हक स्टेडियम में बिहार बनाम मेघालय के बीच जारी रणजी मुकाबले पर चक्रवाती तूफान मोंथा का असर लगातार देखने को मिल रहा है. शनिवार को मैच का दूसरा दिन था, लेकिन पूरे दिन खेल मैदान में क्रिकेट का एक भी गेंद नहीं फेंका जा सका. गेंद तो छोड़िए टॉस भी नहीं हो पाया. आपको बता दें कि पहले दिन तो तेज बारिश के कारण खेल शुरू ही नहीं हो पाया था. वहीं दूसरे दिन बारिश भले ही नहीं हुई, मौसम साफ भी हो गया, यहां तक कि सूर्यदेव की झलक भी देखने को मिली. लेकिन लगातार बारिश से मैदान इस कदर गीला हो चुका था कि उसे प्लेइंग कंडिशन में लाने के लिए ग्राउंड स्टाफ के सारे प्रयास नाकाम साबित हुए.
आपको बता दें कि इस मैदान को सुखाने को लेकर एक चर्चित किस्सा भी है. एक बार मैदान को जल्दी सुखाने के लिए यहां हेलीकॉप्टर तक उड़ाया गया था.
पवेलियन में इंतजार करते रहे खिलाड़ी
मैदान को सुखाने का काम पूरे दिन चलता रहा. देसी से लेकर सभी तरह के जुगाड़ लगाए गए लेकिन पिच और आउटफिल्ड ओवरऑल मैच के लिए तैयार नहीं हो सका. यही वजह रही कि दूसरे दिन भी टॉस तक नहीं कराया जा सका. आखिरकार मैच को अगले दिन के लिए टाल दिया गया है. फिलहाल उम्मीद की जा रही है कि अब तीसरे दिन यानी सोमवार को खेल शुरू कराया जा सकता है. हालांकि यह सब मौसम और ग्राउंड की स्थिति पर ही निर्भर करेगा. इस दौरान दोनों ही टीमों के खिलाड़ी पवेलियन में इंतजार करते रहें.
हेलीकॉप्टर से सुखाया गया था ग्राउंड
1996 का वर्ल्ड कप के दौरान जिम्बाब्वे और केन्या के बीच मैच के पहले भारी बारिश हो गई थी. तब तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने कुछ ऐसा किया जो शायद आज भी लोगों को हंसी के साथ गर्व से याद आता है. उन्होंने मैदान सुखाने के लिए स्टेडियम के ऊपर हेलीकॉप्टर से चक्कर कटवाए थे.
रणजी के इस सीजन में अब तक बिहार प्लेट ग्रुप में खेल रहा है. दो मैचों में एक जीत, एक ड्रॉ और एक बोनस अंक के साथ रणजी के प्लेट ग्रुप में दूसरे स्थान पर है. वहीं, मेघालय दो मैचों में चार अंक के साथ चौथे स्थान पर काबिज है. बिहार की तरफ से इस मैच की कप्तानी सकीबुल गनी कर रहे हैं जबकि वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाया गया है.
मेघालय के साथ मुकाबले के लिए बिहार की टीम में सकीबुल गनी, वैभव सूर्यवंशी, अर्णव किशोर, आयुष लोहारुका, बिपिन सौरभ, कुमार रजनीश, अमोद यादव, साकिब हुसैन, वचस्पति, शुभम रॉय, हिमांशु सिंह, सचिन कुमार, खालिद आलम, पियूष कुमार सिंह, मंगल महरोर और मलय राज को शामिल किया गया है.